1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. लखनऊ में अवैध फैक्ट्री, दिल्ली में नेटवर्क: 50 करोड़ की हेरोइन के साथ सिंडिकेट का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार

लखनऊ में अवैध फैक्ट्री, दिल्ली में नेटवर्क: 50 करोड़ की हेरोइन के साथ सिंडिकेट का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार

 Reported By: Abhay Parashar,  Written By: India TV Delhi Bureau Desk
 Published : Oct 05, 2026 11:43 am IST,  Updated : Oct 05, 2026 11:43 am IST

दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने दिल्ली-एनसीआर में हेरोइन सप्लाई करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर रुकसार अली उर्फ राजू समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

delhi- India TV Hindi
दिल्ली-एनसीआर में हेरोइन सप्लाई करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ Image Source : REPORTER INPUT

दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने दिल्ली-एनसीआर में हेरोइन सप्लाई करने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 7.076 किलो हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। खास बात यह है कि पुलिस ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ में चल रही हेरोइन बनाने की एक अवैध फैक्ट्री का भी पता लगाया है, जहां से 6.275 किलो तैयार हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क से जुड़े आरोपियों के पास से हेरोइन बनाने में इस्तेमाल होने वाला 2.504 किलो सोडियम और 787 ग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड भी मिला है। इसके अलावा गैस सिलेंडर, मिक्सर ग्राइंडर, टब, बर्तन, पॉलीथिन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और लकड़ी की टोकरी समेत कई सामान बरामद किए गए हैं।

16 सितंबर को मिली पहली कड़ी

पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर को स्पेशल स्टाफ की टीम को सूचना मिली थी कि बेगमपुर इलाके में हेरोइन की सप्लाई होने वाली है। टीम ने सेक्टर-32 में जाल बिछाकर ग्रैंड विटारा कार को रोका। कार में सवार 58 वर्षीय लक्ष्मण हुड्डा, निवासी रोहतक, को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 300 ग्राम हेरोइन और तीन लाख रुपये नकद बरामद हुए। कार को भी जब्त कर लिया गया।

इसके बाद पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को नेटवर्क के दूसरे सप्लायर के बारे में जानकारी मिली। 17 सितंबर को सोनीपत से 51 वर्षीय अनिल उर्फ भोला को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 501 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने उसकी महिंद्रा XUV-700 भी जब्त की। जांच में सामने आया कि अनिल एनडीपीएस के एक मामले में पैरोल जंपर और घोषित अपराधी भी है।

लखनऊ में मिली हेरोइन बनाने की फैक्ट्री

दोनों आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस उस व्यक्ति तक पहुंची, जो इस नेटवर्क को हेरोइन की सप्लाई कर रहा था। पुलिस टीम ने 4 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित जानकीपुरम की सीता कॉलोनी में छापा मारा। वहां से 35 वर्षीय बाबलू को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस को 6.275 किलो तैयार हेरोइन मिली। पुलिस के मुताबिक, यह हेरोइन इसी जगह तैयार की गई थी। फैक्ट्री से हेरोइन बनाने में इस्तेमाल होने वाला 2.504 किलो सोडियम, 787 ग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड, गैस सिलेंडर, मिक्सर ग्राइंडर, टब, बर्तन, पॉलीथिन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और दूसरे सामान बरामद हुए।

120 किलोमीटर पीछा कर मुख्य सप्लायर दबोचा

बाबलू से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने नेटवर्क के मुख्य सप्लायर और फैक्ट्री के मालिक रुकसार अली उर्फ राजू की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने करीब 120 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद उसे बरेली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, रुकसार पहले भी तीन एनडीपीएस मामलों में शामिल रहा है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था। नेटवर्क में एक तरफ तैयार हेरोइन दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई की जा रही थी, वहीं दूसरी तरफ लखनऊ में हेरोइन तैयार की जा रही थी।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों, हेरोइन की सप्लाई के लिए इस्तेमाल होने वाले पैसों के लेन-देन और ड्रग बनाने के लिए कच्चा माल कहां से खरीदा जाता था, इसकी जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें:

दिल्ली में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 26 राउंड चली गोलियां, मोहम्मद कैफ और मोहम्मद जसीम हुए घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।