1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में BJP राज्यसभा सांसद के घर चोरी, बाथरूम की टोंटी और गटर का ढक्कन भी ले गए चोर

दिल्ली में BJP राज्यसभा सांसद के घर चोरी, बाथरूम की टोंटी और गटर का ढक्कन भी ले गए चोर

 Reported By: Abhay Parashar,  Written By: Malaika Imam
 Published : Oct 04, 2026 08:22 pm IST,  Updated : Oct 04, 2026 08:58 pm IST

दिल्ली के फिरोजशाह रोड स्थित बीजेपी के राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल के सरकारी आवास में चोरी का मामला सामने आया है। घर खाली होने के कारण फिलहाल चोरी हुए सामान की पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है।

MP house theft- India TV Hindi
राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल के सरकारी आवास में चोरी Image Source : REPORTER INPUT

दिल्ली के फिरोजशाह रोड स्थित कोठी नंबर 18 में राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल के सरकारी आवास में चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस को रविवार सुबह घटना की सूचना मिली, जिसके बाद दिल्ली पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की।

बीजेपी सांसद के आवास के बाथरूम से टैब, जरूरी सामान और गटर का ढक्कन चोरी होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, सासंद का घर खाली था, इसलिए यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि आवास से और क्या-क्या सामान चोरी हुआ है। घरवालों के आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि घर से क्या-क्या सामान चोरी हुआ है।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गटर का ढक्कन और बाथरूम की टोंटी आखिर कौन और किस वजह से ले गया। इस संबंध में सीपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से भी जानकारी ली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आवास में इन सामानों की स्थिति और रखरखाव से जुड़े कौन-कौन से लोग वहां आते-जाते थे। बताया जा रहा है कि सांसद के परिवार के सदस्य शाम तक दिल्ली पहुंचेंगे।

राज्यसभा सांसद अग्रवाल का सियासी सफर

बीजेपी के राज्यसभा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल पेशे से एक बाल रोग विशेषज्ञ हैं। उनके राजनीतिक सफर की बात करें तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की पृष्ठभूमि से आने वाले डॉ. अग्रवाल ने साल 2002 में गोरखपुर नगर सीट से हिंदू महासभा के टिकट पर चुनाव लड़कर बीजेपी के दिग्गज नेता शिव प्रताप शुक्ल को हराकर राजनीति में बड़ी सनसनी फैलाई थी। इसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गए और इसी सीट से लगातार चार बार (2002, 2007, 2012 और 2017) विधायक चुने गए। पूर्वांचल की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ और उनकी जनसेवा की शैली ने उन्हें पार्टी का एक कद्दावर नेता बना दिया।

साल 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर नगर सीट से चुनाव लड़ना था, तब डॉ. अग्रवाल ने अपनी पारंपरिक सीट बिना किसी संकोच के उनके लिए छोड़ दी थी। उनकी इस राजनीतिक निष्ठा और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए भाजपा ने उन्हें जुलाई 2022 में राज्यसभा का सांसद बना दिया। वर्तमान में वह पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री के साथ-साथ कई राज्यों में महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं और संसद में अपने तीखे, वैचारिक और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं।

ये भी पढ़ें-

गोली लगी, जंगल में छिपा रहा और घाव पर लगाता रहा शहद... मारे गए लश्कर कमांडर मूसा को लेकर खुलासा

"हर इंसान में एक शक्तिमान होता है", कैप्टन स्मित मछार की जांबाजी पर अब मुकेश खन्ना ने लुटाया प्यार, बोले- "तुस्सी ग्रेट हो पापे"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।