1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. रिजल्ट्स
  4. NEET पास किया, अब आगे क्या? काउंसलिंग से एडमिशन तक समझिए पूरी प्रक्रिया

NEET पास किया, अब आगे क्या? काउंसलिंग से एडमिशन तक समझिए पूरी प्रक्रिया

NEET UG 2026 के सफल अभ्यर्थियों के लिए जल्द काउंसलिंग शुरू होगी। MCC ऑल इंडिया कोटा और राज्य एजेंसियां 85% राज्य कोटा सीटों की काउंसलिंग कराएंगी। प्रक्रिया में रजिस्ट्रेशन, चॉइस फिलिंग, सीट अलॉटमेंट और दस्तावेज सत्यापन शामिल होगा। उम्मीदवारों को केवल आधिकारिक वेबसाइटों से ही जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

NEET UG 2026 Counselling, MCC Counselling, MBBS Admission 2026- India TV Hindi
Image Source : PTI REPRESENTATIONAL NEET UG 2026 के री-एग्जाम में 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल हुए हैं।

Highlights

  • NEET UG 2026 में 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल, अब काउंसलिंग प्रक्रिया का इंतजार।
  • काउंसलिंग चार चरणों में होगी; मेरिट, विकल्प और सीट उपलब्धता के आधार पर आवंटन।
  • एक से अधिक राज्यों में आवेदन संभव, लेकिन संबंधित राज्य की पात्रता पूरी करना जरूरी।

नई दिल्ली: NEET UG 2026 के री-एग्जाम के नतीजे घोषित हो चुके हैं। इस साल 11.21 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में सफल हुए हैं। अब सफल उम्मीदवारों को मेडिकल कॉलेजों में MBBS और BDS सीटों के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेना होगा। NTA के मुताबिक, ऑल इंडिया कोटा की MBBS और BDS सीटों की काउंसलिंग मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) कराएगी, जबकि 85 प्रतिशत राज्य कोटा की काउंसलिंग संबंधित राज्य सरकारों की एजेंसियां आयोजित करेंगी। एनटीए ने अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक वेबसाइटों neet.nta.nic.in, mcc.nic.in और संबंधित राज्यों के काउंसलिंग पोर्टल पर ही भरोसा करने की सलाह दी है।

4 चरणों में होगी काउंसलिंग

NEET UG 2026 की काउंसलिंग 4 चरणों में होने की संभावना है। इनमें राउंड-1, राउंड-2, मॉप-अप राउंड (राउंड-3) और स्ट्रे वैकेंसी राउंड शामिल होंगे।

क्या होगी पूरी प्रक्रिया?

पात्र अभ्यर्थियों को सबसे पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद निर्धारित काउंसलिंग शुल्क जमा करना होगा। फिर तय समय सीमा के भीतर अपनी पसंद के मेडिकल कॉलेज और कोर्स का चयन (चॉइस फिलिंग) कर विकल्पों को लॉक करना होगा। हर चरण में सीट आवंटन (सीट अलॉटमेंट) उम्मीदवार की NEET रैंक, श्रेणी (कैटेगरी), आरक्षण नियम, काउंसलिंग के दौरान भरे गए विकल्प और उपलब्ध सीटों के आधार पर किया जाएगा। जिस अभ्यर्थी को सीट आवंटित होगी, उसे निर्धारित समय के भीतर संबंधित मेडिकल कॉलेज में पहुंचकर दस्तावेजों का सत्यापन और प्रवेश की अन्य औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। समय पर रिपोर्ट नहीं करने पर आवंटित सीट रद्द की जा सकती है।

क्या एक से अधिक राज्यों की काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं?

यदि कोई अभ्यर्थी संबंधित राज्य की पात्रता शर्तें पूरी करता है, तो वह एक से अधिक राज्यों की काउंसलिंग में भी आवेदन कर सकता है। अधिकांश राज्यों में सरकारी मेडिकल कॉलेजों की 85 प्रतिशत सीटें राज्य के मूल निवास (डोमिसाइल) वाले उम्मीदवारों के लिए आरक्षित होती हैं। हालांकि, कई राज्य निजी मेडिकल कॉलेजों और मैनेजमेंट कोटा की सीटों पर गैर-डोमिसाइल अभ्यर्थियों को भी आवेदन की अनुमति देते हैं। इसलिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को संबंधित राज्य की काउंसलिंग पुस्तिका या ब्रॉशर जरूर पढ़नी चाहिए।

राज्य की काउंसलिंग में क्या जांचें?

अभ्यर्थियों को प्रत्येक राज्य की काउंसलिंग पुस्तिका में इन बातों की जानकारी जरूर देखनी चाहिए:

  • डोमिसाइल (मूल निवास) संबंधी नियम
  • पात्रता की शर्तें
  • आरक्षण नीति
  • दस्तावेजों की सूची
  • सीट मैट्रिक्स
  • काउंसलिंग में भाग लेने वाले मेडिकल कॉलेज
  • काउंसलिंग के लिए जरूरी दस्तावेज

काउंसलिंग के दौरान उम्मीदवारों को निम्नलिखित दस्तावेज साथ रखने होंगे

  • NEET UG 2026 स्कोरकार्ड
  • NEET UG 2026 एडमिट कार्ड
  • कक्षा 10वीं और 12वीं की अंकतालिका एवं प्रमाणपत्र
  • वैध पहचान पत्र
  • पासपोर्ट आकार के फोटो
  • डोमिसाइल प्रमाणपत्र (यदि लागू हो)
  • आरक्षण या ईडब्ल्यूएस (EWS) प्रमाणपत्र (यदि लागू हो)

काउंसलिंग प्राधिकरण द्वारा मांगे गए अन्य आवश्यक दस्तावेज

  • श्रेणीवार सफल अभ्यर्थियों की संख्या
  • सामान्य: 2.91 लाख
  • ओबीसी-एनसीएल: 5.12 लाख
  • अनुसूचित जाति: 1.59 लाख
  • अनुसूचित जनजाति: 63,716
  • सामान्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग: 95,026
  • दिव्यांग: 3,666
  • PwD: 303

NEET UG 2026 कटऑफ प्रतिशत

  • सामान्य/ईडब्ल्यूएस : 50वां परसेंटाइल
  • PwD (सामान्य/ईडब्ल्यूएस) : 45वां परसेंटाइल
  • PwD (OBC/SC/ST) : 40वां परसेंटाइल
  • ओबीसी : 40वां परसेंटाइल
  • एससी/एसटी : 40वां परसेंटाइल

एनटीए ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे काउंसलिंग से जुड़ी सभी जानकारी केवल NEET, एमसीसी और संबंधित राज्य सरकारों की आधिकारिक वेबसाइटों neet.nta.nic.in, mcc.nic.in. से ही प्राप्त करें, ताकि किसी भी तरह की गलत सूचना या फर्जी दावों से बचा जा सके।

ये भी पढ़ें: आर्यन और पांशुल को मिले सबसे ज्यादा नंबर, 17 राज्यों के टॉपर्स का स्कोर 700 के पार

Latest Education News