1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. यूपी RO और ARO की परीक्षा कल, नकल विहीन एग्जाम के लिए किए गए पुख्ता इंतजाम

यूपी RO और ARO की परीक्षा कल, नकल विहीन एग्जाम के लिए किए गए पुख्ता इंतजाम

कल यानी 27 जुलाई को समूचे उत्तर प्रदेश में यूपी RO और ARO की परीक्षा(प्रारंभिक) आयोजित होनी है। यह परीक्षा राज्य के सभी 75 जिलों में आयोजित होगी।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : PEXELS प्रतीकात्मक फोटो

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा कल यानी 27 जुलाई 2025 को समीक्षा अधिकारी(RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी(ARO) पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा का आयोजन सभी 75 जिलों में किया जाएगा। ऐसे में यूपी के प्रयागराज जिले में भी 106 परीक्षा केंद्रों पर RO और ARO की प्रारंभिक भर्ती परीक्षा आयोजित होगी। प्रयागराज जिले में 46032 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। डीएम प्रयागराज रविंद्र कुमार मांदड़ के मुताबिक भर्ती परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 

एग्जाम सेंटर्स की निगरानी के लिए स्टैटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट की लगई गई ड्यूटी

डीएम के मुताबिक परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए स्टैटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। इसके अलावा केंद्र व्यवस्थापकों को भी दिशा निर्देश दिए हैं। डीएम के मुताबिक सभी मजिस्ट्रेट और वह खुद परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। डीएम के मुताबिक सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में यूपी लोक सेवा आयोग के दिशा निर्देश के अनुसार भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। 

'नकल रोकने के लिए यूपी में कड़ा कानून'

डीएम ने कहा है कि पेपर लीक के बारे में परीक्षा से जुड़ा हुआ कोई कर्मचारी न सोचे। नकल रोकने के लिए यूपी में कड़ा कानून बन चुका है। अगर किसी नकल माफिया गिरोह की किसी तरह की संलिप्तता सामने आएगी, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम के मुताबिक नकल विहीन, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से परीक्षा कराने के लिए पुलिस, LIU और एसटीएफ की टीमें लगाई गई हैं। डीएम के मुताबिक पेपर लीक गिरोह के पुराने आरोपियों पर भी नजर रखी जा रही है। 

  • RO और ARO प्रारंभिक परीक्षा को लेकर स्थानीय स्तर पर लोकल कन्वेंस चलाने की निर्देश दिए गए हैं। 
  • इसके अलावा बारिश के चलते जलभराव की संभावना को देखते हुए भी मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। 
  • यूपी परिवहन निगम, रेलवे और पुलिस के साथ कोऑर्डिनेशन बैठक की गई है।
  • रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं। 
  • प्रतियोगी छात्रों के लिए हेल्प डेस्क बनाई गई है। 
  • बाहर से आने वाली प्रतियोगी छात्रों को रैन-बसेरों और धर्मशालाओं में ठहराने का इंतजाम किया जा रहा है। 

इसके अलावा होटल एसोसिएशन को भी निर्देश दिए गए हैं कि छात्रों से किसी भी तरह की ओवर रेटिंग न की जाए। सिविल डिफेंस की टीम भी एक्टिव रहेगी। डीएम के मुताबिक परीक्षा से डेढ़ घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र खुल जाएंगे। परीक्षा शुरू होने के 45 मिनट पहले परीक्षा केंद्र बंद कर दिए जाएंगे। सभी परीक्षा केंद्रों को कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम से कनेक्ट किया गया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में भी इसका वीडियो वॉल रहेगा। ‌सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से थर्ड आई वॉच किया जाएगा।

Latest Education News