1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. हरियाणा विधान सभा चुनाव 2019
  4. अशोक तंवर ने दुष्यंत चौटाला की पार्टी को दिया समर्थन, कहा-तीसरे और चौथे नंबर की लड़ाई में कांग्रेस

अशोक तंवर ने दुष्यंत चौटाला की पार्टी को दिया समर्थन, कहा-तीसरे और चौथे नंबर की लड़ाई में कांग्रेस

कांग्रेस पार्टी में बगावत करने और त्यागपत्र देने के बाद हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में दुष्यंत चौटाला की पार्टी जननायक जनता पार्टी को समर्थन देने की घोषणा की है।

Ashok Tanwar support Dushyant Chautala party for Haryana Elections- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV Ashok Tanwar support Dushyant Chautala party for Haryana Elections

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी में बगावत करने और त्यागपत्र देने के बाद हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में दुष्यंत चौटाला की पार्टी जननायक जनता पार्टी को समर्थन देने की घोषणा की है। अशोक तंवर ने बुधवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके यह घोषणा की, प्रेस कॉन्फ्रेंस में जननायक जनता पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला भी उपलब्ध थे। 

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अशोक तंवर ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस पार्टी अब (समर्थन के बाद) तीसरे या चौथे नंबर की लड़ाई लड़ेगी। अशोक तंवर ने 5 अक्तूबर को कांग्रेस पार्टी से त्यागपत्र दे दिया था। 

अशोक तंवर अपने करीबी नेताओं को विधानसभा चुनाव का टिकट नहीं दिए जाने से नाराज थे, उन्होंने खुलकर कांग्रेस पार्टी के सामने अपनी नाराजगी भी जताई थी। ऐसा माना जा रहा है कि हरियाणा में टिकट बंटवारे में कांग्रेस पार्टी के हुड्डा गुट के लोगों को ज्यादा टिकट दिए गए हैं जबकि अशोक तंवर गुट के बहुत कम लोगों को टिकट दिया गया है। टिकट बंटवारे से नाराज होकर अशोक तंवर ने कांग्रेस पार्टी से त्यागपत्र दे दिया था और अब दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी को समर्थन का ऐलान किया है। हालांकि अशोक तंवर ने यह भी साफ किया है कि वे दुष्यंत चौटाला की पार्टी में शामिल नहीं हो रहे, सिर्फ उनको समर्थन दिया है।