A
  1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. जया प्रदा पर चौतरफा घिरे आजम खां ने कहा, दोषी साबित हुआ तो नहीं लड़ूंगा लोकसभा चुनाव

जया प्रदा पर चौतरफा घिरे आजम खां ने कहा, दोषी साबित हुआ तो नहीं लड़ूंगा लोकसभा चुनाव

यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम ने कहा है कि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया है और यदि वह दोषी साबित होते हैं तो लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।

Azam Khan and Jaya Prada | PTI File- India TV Hindi
Azam Khan and Jaya Prada | PTI File

रामपुर: उत्तर प्रदेश की रामपुर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार जया प्रदा पर कथित रूप से दिए गए विवादित बयान को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां ने बड़ा बयान दिया है। सपा के वरिष्ठ नेता ने कहा है कि उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया है। यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम ने कहा है कि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया है और यदि वह दोषी साबित होते हैं तो लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। 

उन्होंने कहा, 'मैं रामपुर से 9 बार विधायक और एक बार मंत्री रहा हूं। मुझे पता है क्या कहना है। अगर कोई यह साबित कर दे कि मैंने किसी नाम लिया और किसी का नाम लेकर अपमान किया। अगर यह साबित होता है, तो मैं चुनाव से हाथ पीछे कर लूंगा।' आजम ने कहा कि मैं दिल्ली के एक ऐसे शख्स के बारे में बात कर रहा था जो इस समय बीमार है। उन्होंने कहा कि उस शख्स ने कहा था कि मैं 150 रायफलें लेकर आऊंगा और यदि आजम दिख गए तो उन्हें गोली मार दूंगा।


आपको बता दें कि आजम ने रामपुर लोकसभा क्षेत्र से अपने खिलाफ चुनाव लड़ रहीं जया प्रदा के खिलाफ एक सभा में कथित तौर पर विवादास्पद टिप्पणी की थी। उनकी इस टिप्पणी पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने स्वत: संज्ञान लेते हुए ‘बेहद शर्मनाक’ करार दिया था। इसके साथ ही शर्मा ने कहा था कि महिला आयोग आजम को एक कारण बताओ नोटिस भेज रहा है। खान की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शर्मा ने ट्वीट किया कि NCW चुनाव आयोग से यह भी अनुरोध करेगा कि उन्हें चुनाव लड़ने से रोक दिया जाए। 

शर्मा ने यह प्रतिक्रिया एक अन्य व्यक्ति के ट्वीट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दी, जिसने सपा नेता का कथित वीडियो ट्वीट किया था। खां का ‘अपमानजनक’ टिप्पणी वाला वीडियो कई सोशल मीडिया साइटों पर साझा किया जा रहा है। हालांकि, आजम खान ने इस वीडियो में जयाप्रदा का नाम नहीं लिया है लेकिन भारतीय जनता पार्टी इसे जया के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के रूप में पेश कर रही है। खास बात यह है कि वीडियो में मंच पर यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी नजर आ रहे हैं, लेकिन फिर भी आजम को किसी ने नहीं टोका।

वीडियो के मुताबिक, रामपुर में एक चुनावी सभा में आजम खां ने कहा, ‘रामपुर वालों, उत्तर प्रदेश वालों, हिंदुस्तान वालों! उसकी असलियत समझने में आपको 17 बरस लग गए। मैं 17 दिन में पहचान गया कि इनके नीचे का जो अंडरवियर है वह भी खाकी रंग का है। मैं 17 दिन में पहचान गया, आपको पहचानने में 17 बरस लगे, 17 बरस।’ खान के इस बयान की सोशल मीडिया पर भी काफी आलोचना हुई है और लोग उन्हें आड़े हाथों ले रहे हैं। आपको बता दें कि सपा नेता अपने तीखे बयानों के चलते अक्सर चर्चा में रहते हैं।