नई दिल्ली। देश के 5 राज्यों में चल रहे विधानसभा चुनावों के बीच देश में 2019 के दौरान होने वाले लोकसभा चुनावों का भी माहौल बनता जा रहा है, ऐसे में इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने देश के 3 बड़े राज्यों का सर्वे किया है और पता लगाना चाहा है कि अगर अभी लोकसभा चुनाव हो जाते हैं तो 3 बड़े राज्यों में किस पार्टी को फायदा होगा, ये तीन बढ़े राज्य हैं बिहार, गुजरात और महाराष्ट्र, फिलहाल इन तीनों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है।
सबसे पहले बिहार की बात करें तो ओपिनियन पोल के मुताबिक वहां पर भारतीय जनता पार्टी सबसे ज्यादा सीट जीतने में तो कामयाब होगी लेकिन 2014 के मुकाबले उसकी सीटों में कमी आ सकती है। ओपिनियन पोल के मुताबिक अगर अभी लोकसभा चुनाव हो जाते हैं तो बिहार में भाजपा को 15 सीट मिलने का अनुमान है और उसे 7 सीटों का नुकसान हो सकता है, भाजपा के सहयोगी जनता दल यूनाइटेड को 9 सीटें मिलने का अनुमान है और उसे 7 सीटों का फायदा हो सकता है, लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल को 10 सीटें मिलने का अनुमान है और उसको 6 सीटों का फायदा हो सकता है जबकि कांग्रेस को 1 सीट मिल सकती है और उसे 1 सीट का नुकसान होने का अनुमान है, अन्य दलों को कोई भी सीट नहीं मिलने का अनुमान है।
India TV CNX Opinion Poll for Lok Sabha Elections in Bihar
वोट शेयर की बात करें तो बिहार में भाजपा और कांग्रेस के वोट शेयर में कमी आ सकती है जबकि जनता दल यूनाइटेड और राष्ट्रीय जनता दल के वोट शेयर में बढ़ोतरी हो सकती है।
India TV CNX Opinion Poll for Lok Sabha Elections in Bihar
गुजरात की बात करें तो अभी चुनाव होने की स्थिति में भारतीय जनता पार्टी के वोट शेयर में 2014 के चुनावों के मुकाबले तो कुछ कमी आ सकती है लेकिन सीटों को लेकर किसी तरह का नुकसान नहीं होगा। ओपिनियन पोल के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी का वोट शेयर 2014 के 60 प्रतिशत से घटकर 55 प्रतिशत तक आ सकता है जबकि कांग्रेस का वोट शेयर 2014 के 33 प्रतिशत से बढ़कर 37 प्रतिशत तक पहुंच सकता है।