नयी दिल्ली: लोकसभा चुनाव के छठे चरण में रविवार को पश्चिम बंगाल में भाजपा उम्मीदवार भारती घोष पर हमला किया गया और उत्तर प्रदेश में भगवा दल के एक विधायक ने एक चुनाव अधिकारी की कथित तौर पर पिटाई की। इस चरण में छह राज्यों और राष्ट्रीय राजधानी की 59 सीटों पर 63 फीसदी से अधिक वोट पड़े। इस चरण में उत्तरप्रदेश में 14 सीटों, हरियाणा की दस सीटों, बिहार, मध्यप्रदेश और पश्चिम बंगाल में आठ-आठ सीटों, झारखंड में चार सीटों और दिल्ली में सात सीटों पर वोट डाले गए। दिल्ली में वोट डालने वाली प्रमुख हस्तियों में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज शामिल हैं। आज के मतदान के साथ ही 543 क्षेत्रों में से करीब 89 फीसदी सीटों पर चुनाव संपन्न हो गए जबकि शेष 59 सीटों पर 19 मई को चुनाव होंगे।
चुनाव आयोग ने विभिन्न राज्यों में 63.3 फीसदी मतदान की घोषणा की, वहीं पश्चिम बंगाल में 80 फीसदी से अधिक वोट पड़े जबकि राष्ट्रीय राजधानी में महज 60 फीसदी मतदान हुआ। इस चरण में जिन महत्वपूर्ण नेताओं एवं हस्तियों के भाग्य का फैसला होना है उनमें केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह, हर्षवर्द्धन और मेनका गांधी, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया और शीला दीक्षित, गौतम गंभीर, विजेन्द्र सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, रविकिशन और हंसराज हंस शामिल हैं। दिल्ली में इस बार मत प्रतिशत 2014 की तुलना में कम रहा। 2014 में राष्ट्रीय राजधानी में 65 फीसदी वोटिंग हुई थी। मतदाताओं को वोट देने के लिए जागरूक करने के प्रयास के बावजूद कम मतदान को लेकर चुनाव आयोग भी निराश है।
पश्चिम बंगाल में आठ सीटों पर 80 फीसदी से अधिक मतदान हुआ जहां घाटल सीट से भाजपा उम्मीदवार और पूर्व आईपीएस अधिकारी भारती घोष पर स्थानीय लोगों ने दो बार हमले किए जब उन्होंने अपने लोकसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों का दौरा करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने कहा कि केशपुर इलाके में घोष ने जब भाजपा के एक एजेंट को मतदान केंद्र के अंदर ले जाने का प्रयास किया तो महिलाओं के एक समूह ने उन पर कथित तौर पर हमला किया। केशपुर के डोगाचिया में धांधली की शिकायत मिलने पर घोष जब वहां जा रही थी तो उनके काफिले की ओर बम फेंका गया और पथराव किया गया। अधिकारियों ने बताया कि उनका एक सुरक्षाकर्मी जख्मी हो गया और एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
उत्तर प्रदेश के 14 लोकसभा क्षेत्रों में 54 फीसदी वोट पड़े। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और मेनका गांधी राज्य से चुनावी मैदान में हैं। राज्य में लोकसभा की 80 सीटें हैं। मेनका गांधी और उनके प्रतिद्वंद्वी बसपा के चंद्रभद्र सिंह का सुल्तानपुर में आमना-सामना हुआ जहां भाजपा नेता ने उन्हें चेतावनी दी कि गुंडागर्दी नहीं चलेगी। सिंह ने उनके आरोपों से इंकार किया। भदोही में भाजपा विधायक दीनानाथ भास्कर और चार अन्य ने औराई क्षेत्र में एक निर्वाचन अधिकारी की कथित तौर पर पिटाई कर दी। उन्होंने निर्वाचन अधिकारी पर जानबूझकर मतदान प्रक्रिया धीमी करने का आरोप लगाया। चुनाव अधिकारियों ने इस मामले में रिपोर्ट मांगी है।