1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. PM मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ सकती हैं प्रियंका, राहुल गांधी करेंगे फैसला: सूत्र

PM मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ सकती हैं प्रियंका, राहुल गांधी करेंगे फैसला: सूत्र

दरअसल पिछले लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के बावजूद उनके जीत के अंतर को देखते हुए पार्टी के रणनीतिकार सक्रीय हो गए हैं।

PM मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ सकती हैं प्रियंका, राहुल गांधी करेंगे फैसला: सूत्र- India TV Hindi
PM मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ सकती हैं प्रियंका, राहुल गांधी करेंगे फैसला: सूत्र

नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ सकती हैं। सूत्रों के मुताबिक प्रियंका गांधी प्रधानमंत्री मोदी को सीधे टक्कर देने की तैयारी में हैं। प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ने पर गंभीरता से विचार कर रही हैं। चुनाव लड़ने पर प्रियंका गांधी ने अपनी तरफ से हां कर दी है, अब राहुल गांधी को इस पर आखिरी फैसला करना है। अगर कांग्रेस प्रियंका गांधी को वाराणसी से चुनावी मैदान में उतारती है तो यहां कांटे की टक्कर हो सकती है। साथ ही प्रियंका को काशी से उतारकर कांग्रेस पूरे पूर्वांचल को साधने की कोशिश कर सकती है।

दरअसल पिछले लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के बावजूद उनके जीत के अंतर को देखते हुए पार्टी के रणनीतिकार सक्रीय हो गए हैं। उनका तर्क है कि जैसे राहुल को अमेठी में बीजेपी घेर रही है, उसी तरह मोदी को वाराणसी में घेरा जाए। हालांकि इस बारे में अभी आखिरी फैसला नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस इस फैसले से पहले सपा-बसपा से बातचीत कर उनसे इस सीट पर समर्थन की मांग करेगी।

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले प्रियंका गांधी ने अपने चुनाव लड़ने पर खुले तौर पर तो कुछ नहीं बोला था लेकिन उन्होंने इशारा किया कि उन्हें मौका मिले तो वह प्रधानमंत्री मोदी से वाराणसी सीट पर मुकाबला कर सकती हैं। दरअसल, रायबरेली में पार्टी कार्यकर्ता उनसे इस सीट से चुनाव लड़ने की मांग कर रहे थे। इसी दौरान प्रियंका ने कहा 'क्यों वाराणसी से चुनाव लड़ूं क्या?' बता दें कि प्रियंका ने कहा था कि पार्टी यदि उनसे चुनाव लड़ने के लिए कहेगी तो वह इसके लिए तैयार हैं और यदि वह चुनाव नहीं भी लड़ीं तो पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करती रहेंगी।