नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में भारतीय जनता पार्टी अगले महीने होनेवाले विधानसभा चुनावों में स्पष्ट बहुमत हासिल कर सकती है। इंडिया टीवी के लिए सीएनएक्स द्वारा किए गए चुनाव पूर्व सर्वेक्षण में यह पूर्वानुमान लगाया गया है।
230 सीटों वाली विधानसभा में बीजेपी 128 (+/-10) सीटें जीत सकती है जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी 85 (+/- 10)सीटें जीत सकती है। बहुजन समाज पार्टी 8 सीटें जीत सकती है जबकि 'अन्य' के खाते में 9 सीटें जा सकती हैं। 'अन्य' में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, समाजवादी पार्टी, वाम दल और निर्दलीय शामिल हैं।
IndiaTV-CNX Opinion Poll on Madhya Pradesh Elections 2018
2013 में संपन्न पिछले विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने 165 सीटें जीती थी, कांग्रेस 58 सीटें जीतने में कामयाब रही थी, बीएसपी को 4 जबकि 'अन्य' तीन सीटों पर विजयी रहे थे। मध्य प्रदेश में 28 नवंबर को मतदान होंगे और चुनाव के नतीजे 11 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।
वोट शेयर की बात करें, तो बीजेपी को 42.5 फीसदी वोट मिल सकते हैं, कांग्रेस को 37.19 फीसदी, बीएसपी को 7.7 फीसदी और 'अन्य' को 12.61 फीसदी वोट मिलने के आसार हैं।
IndiaTV-CNX Opinion Poll on Madhya Pradesh Elections 2018
2013 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी को 44.88 फीसदी और कांग्रेस को 36.38 फीसदी वोट मिले थे। इस सर्वे से साफ है कि बीजेपी के वोट शेयर में 2.38 फीसदी की गिरावट हो सकती है। इंडिया टीवी-सीएनएक्स चुनाव पू्र्व सर्वेक्षण 16 से 60 साल के 9240 पुरुषों और महिलाओं के बीच एक संरचित प्रश्नावली के द्वारा किया गया। सर्वे टीम ने 230 विधानसक्षा क्षेत्रों में से 77 का दौरा किया और जनसंख्या, पेशा और प्रवास को ध्यान में रखते हुए लोगों का चयन किया। इन पूर्वानुमानों में 2.5 फीसदी का मार्जिन एरर हो सकता है।
क्षेत्रवार अनुमानों की बात करें तो यह सर्वे दर्शाता है कि चंबल संभाग की 34 सीटों में से बीजेपी 15 सीटें जीत सकती है, कांग्रेस-12, बीएसपी-4, अन्य को तीन सीटें मिल सकती है।