A
  1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. उपचुनावों में ‘भाजपा की हार’ के बाद अहंकार त्यागें PM, कृषि कानूनों को लें वापस: कांग्रेस

उपचुनावों में ‘भाजपा की हार’ के बाद अहंकार त्यागें PM, कृषि कानूनों को लें वापस: कांग्रेस

उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों में अगले साल के शुरु में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले इन उपचुनावों के नतीजों को देश के मूड के रूप में देखा जा रहा है।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला- India TV Hindi
Image Source : PTI कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला

नई दिल्ली: कांग्रेस ने लोकसभा की तीन सीटों और विभिन्न राज्यों में विधानसभा की 29 सीटों के लिए हुए उपचुनावों के बाद, कुछ सीटों के नतीजे आने पर मंगलवार को कहा कि ‘भाजपा की हार’ के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अहंकार त्यागते हुए कृषि से संबंधित तीनों ‘काले कानूनों’ को वापस लेना चाहिए और पेट्रोल-डीजल-गैस पर ‘लूट’ बंद करनी चाहिए। 

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘लोकसभा उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कुल 3 में से 2 सीटें हार गई है। विधानसभा चुनावों में भी जहां कांग्रेस-भाजपा की सीधी टक्कर है, भाजपा हारी है। हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, महाराष्ट्र इस का सबूत हैं।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी, राजहठ छोड़ें! तीनों काले क़ानून वापस लें। पेट्रोल-डीज़ल-गैस पर लूट बंद करें। अहंकार त्यागें।’’ कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की है। मध्य प्रदेश की खंडवा सीट पर भाजपा जीती तथा दादरा और नागर हवेली की लोकसभा सीट शिवसेना के खाते में गई है। 

देश में 29 विधानसभा सीटों और तीन लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में डाले गए मतों की गणना मंगलवार को शुरू हुई। इन सीटों के लिए गत 30 अक्टूबर को मतदान हुआ था। उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों में अगले साल के शुरु में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले इन उपचुनावों के नतीजों को देश के मूड के रूप में देखा जा रहा है।