A
  1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. ग्रेट खली और अरविंद केजरीवाल के बीच मुलाकात, कहा-मिलकर बदलेंगे पंजाब

ग्रेट खली और अरविंद केजरीवाल के बीच मुलाकात, कहा-मिलकर बदलेंगे पंजाब

अरविंद केजरीवाल और ग्रेट खली की तस्वीर को पंजाब विधानसभा चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है। ग्रेट खली वैसे तो हिमाचल प्रदेश के मूल निवासी हैं लेकिन फिलहाल वे पंजाब में रहते हैं

<p>अरविंद केजरीवाल ने...- India TV Hindi
Image Source : TWITTER @ARVINDKEJRIWAL अरविंद केजरीवाल ने ग्रेट खली के साथ सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की है

Highlights

  • अरविंद केजरीवाल और ग्रेट खली की मुलाकात
  • अरविंद केजरीवाल ने कहा - मिलकर बदलेंगे पंजाब
  • खली ने दिल्ली में बिजली-पानी के काम को सराहा: केजरीवाल

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को WWE पहलवान ग्रेट खली के साथ मुलाकात की है। अरविंद केजरीवाल ने अपनी और ग्रेट खली की तस्वीर ट्वीटर पर शेयर की है और कहा है कि ग्रेट खली ने दिल्ली में बिजली, शिक्षा तथा अस्पतालों को लिए उनकी सरकार द्वारा किए गए कामों की सराहना की गई है। अरविंद केजरीवाल और ग्रेट खली की तस्वीर को पंजाब विधानसभा चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है। ग्रेट खली वैसे तो हिमाचल प्रदेश के मूल निवासी हैं लेकिन फिलहाल वे पंजाब में रहते हैं। 

ग्रेट खली के साथ तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए अरविंद केजरीवाल ने लिखा है, "आज मेरी मुलाकात ग्रेट खली से हुई है, वह पहलवान, जिसने दुनियाभर में भारत का नाम रौशन किया है। उन्होंने दिल्ली में बिजली, पानी, स्कूलों तथा अस्पतालों को लेकर हुए काम को पसंद किया है। अब हम यह सब पंजाब में भी करेंगे, हम मिलकर पंजाब को बदलेंगे।"

पंजाब में 3 महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं और आम आदमी पार्टी ने इस बार पंजाब में चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। 2017 के पंजाब विधानसभा चुनावों में भी AAP ने  पूरी ताकत झोंकी थी और ऐसी संभावना जताई थी कि पार्टी चुनाव जीत जाएगी, लेकिन 2017 में कांग्रेस बाजी मारने में कामयाब हुई थी, हालांकि 2017 के चुनाव में AAP दूसरे नंबर की पार्टी बनने में कामयाब जरूर हुई थी। पंजाब की 117 विधानसभा  सीटों में से 2017 में कांग्रेस को 77, AAP को 20, अकाली दल को 15 और भारतीय जनता पार्टी को 3 सीटें मिली थीं।