1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. दिल्ली MCD चुनाव से पहले कांग्रेस के पूर्व सांसद महाबल मिश्रा AAP में शामिल, केजरीवाल ने दिलाई सदस्यता

दिल्ली MCD चुनाव से पहले कांग्रेस के पूर्व सांसद महाबल मिश्रा AAP में शामिल, केजरीवाल ने दिलाई सदस्यता

दिल्ली MCD चुनाव से पहले कांगेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के पूर्व सांसद महाबल मिश्रा अब आम आदमी पार्टी के हो गए हैं।

आम आदमी पार्टी में शामिल हुए महाबल मिश्रा- India TV Hindi
Image Source : TWITTER आम आदमी पार्टी में शामिल हुए महाबल मिश्रा

दिल्ली MCD चुनाव से पहले कांगेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के पूर्व सांसद महाबल मिश्रा अब आम आदमी पार्टी के हो गए हैं। महाबल मिश्रा ने अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में रविवार को पहाड़गंज में आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली। बता दें कि महाबल मिश्रा के बेटे विनय मिश्रा द्वारका सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। पहले से ही यह कयास भी लगाए जा रहे थे कि महाबल मिश्रा कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में जा सकते हैं। अब उन कयासों पर विराम लग गया। 

कांग्रेस के पुराने और दिग्गज नेता 
कांग्रेस के पूर्व सांसद महाबल मिश्रा ने केजरीवाल की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली। इस मौके पर उनके बेटे विधायक विनय मिश्रा भी मौजूद रहे। नगर निगम चुनाव के दौरान कांग्रेस के इतने पुराने नेता और पूर्व सांसद महाबल मिश्रा के आम आदमी पार्टी में जाने से कांग्रेस को झटका लगा है। महाबल मिश्रा कांग्रेस से सांसद भी रह चुके हैं और विधायक भी रहे। वो कांग्रेस के पुराने और दिग्गज नेता माने जाते हैं। नगर निगम चुनाव के समय में उनका कांग्रेस छोड़ कर जाना पार्टी पर असर डाल सकता है।

AAP में शामिल होने के बाद क्या बोले महाबल
आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद कांग्रेस के पूर्व सांसद महाबल मिश्रा ने कहा कि बहुत कम समय में आम आदमी पार्टी की सरकार ने जनता के हित में इतनी सारी योजनाएं शुरू की हैं। इन योजनाओं का सीधा लाभ जनता को मिल रहा है। इससे प्रभावित होकर मैंने आम आदमी पार्टी में शामिल होने का फैसला किया है। बता दें कि महाबल मिश्रा वर्ष 2009 से 2014 तक पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद रहे हैं। उनके बेटे विनय मिश्रा 2020 में द्वारका विधानसभा से आम आदमी पार्टी के विधायक चुने गए थे। तब महाबल मिश्रा को कांग्रेस ने पार्टी से निष्कासित कर दिया था।