नई दिल्ली: क्रिकेट और कोहली फैंस के लिए गुड न्यूज है। इंडियन क्रिकेट कप्तान विराट कोहली को आपने मैदान में खूब चौके-छक्के लगाते देखा है, लेकिन अब कोहली एक स्पेशल टीवी शो में भी नजर आएंगे। खास बात यह है कि कोहली किसी और के साथ नहीं बल्कि मिस्टर परफेक्टनिस्ट आमिर खान के साथ एक दीवाली स्पेशल शो में नजर आएंगे।
अपनी आगामी फिल्म ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ के प्रचार से वक्त निकालकर आमिर खान 3 अक्टूबर को इस खास शो के लिए शूटिंग करेंगे। फिल्म के प्रवक्ता ने बताया कि यह पहली बार होगा जब क्रिकेट कप्तान कोहली और सुपरस्टार आमिर खान एकसाथ मंच साझा करते दिखेंगे। यह एक चैट शो होगा जिसमें दर्शकों को सेलिब्रिटीज के बारे में कई सारी बातें पता चलेंगी। इस शो का अब दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। खासकर कोहली के फैंस खासे उत्साहित हैं, क्योंकि ऐसा पहली बार होगा जब कोहली इस तरह के चैट शो का हिस्सा बनेंगे।
बात करें आमिर की तो उनकी फिल्म ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ 19 अक्तूबर को रिलीज होनी है। इस फिल्म को आमिर खान और उनकी पत्नी किरण राव ने प्रोड्यूस किया है। इस फिल्म की कहानी अद्वैत चौहान ने लिखी है। इस फिल्म में दंगल गर्ल जायरा वसीम लीड रोल में हैं। इस फिल्म में अभिनेता आमिर खान कैमियो करते दिखेंगे। फिल्म में वह जायरा के मेंटर का किरदार निभाते दिखेंगे।
यह फिल्म दीवाली के मौके पर रिलीज हो रही है, और इसी दौरान विराट और आमिर का चैट शो भी आएगा। उम्मीद है यह शो टीआरपी के नए आयाम स्थापित करेगा।
Latest Bollywood News