1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. इस दीवाली रजनीकांत और आमिर संग ‘गोलमाल’ करेंगे अजय देवगन

इस दीवाली रजनीकांत और आमिर संग ‘गोलमाल’ करेंगे अजय देवगन

रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी आगामी फिल्म ‘गोलमाल अगेन’ को दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है। ‘गोलमाल’ श्रृंखला की यह चौथी फिल्म है। फिल्म के निर्माताओं ने फिल्म को दिवाली पर रिलीज करने का फैसला किया है।

rajinikanth- India TV Hindi
rajinikanth

मुंबई: बॉलीवुड फिल्मकार रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी आगामी फिल्म गोलमाल अगेन को दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है। ‘गोलमाल’ श्रृंखला की यह चौथी फिल्म है। फिल्म के निर्माताओं ने फिल्म को दिवाली पर रिलीज करने का फैसला किया है। इस फिल्म का निर्देशन रोहित शेट्टी कर रहे हैं। रिलायंस एंटरटेनमेंट के मुख्य संचालन अधिकारी शिवाशीष सरकार ने कहा, "गोलमाल अगेन, भारतीय फिल्म जगत की सफलतम फ्रेंचाइजी में से एक है और इसने देश के फिल्म प्रदर्शकों और वितरकों के बीच काफी उत्सुकता जगाई है।"

रिलायंस एंटरटेनमेंट, रोहित शेट्टी के साथ मिलकर यह फिल्म बना रहा है। उन्होंने आगे कहा, "हमने उनकी मांग के अनुरूप इसे इसी वर्ष दिवाली पर बड़े स्तर पर रिलीज करने का निर्णय लिया है, जो परिवारों और बच्चों को लिए त्यौहार के समय में उचित रहेगा।" अभिनेता अजय देवगन ने फिल्म के अधिकारिक ट्विटर हैंडल से रिट्वीट करते हुए शीर्षक लिखा: "गोलमाल अगेन, इस दिवाली।" अजय इस फिल्म में गोपाल नामक मुख्य किरदार को निभाते देखे जाएंगे।

लेकिन अजय की इस फिल्म के साथ ही अक्षय कुमार और रजनीकांत की '2.0' भी रिलीज होने वाली है। बता दें कि कुछ वक्त पहले ही आमिर खान ने भी अपनी फिल्म 'सीक्रेट सुपरस्टार' को दीवाली के मौके पर ही रिलीज करने की घोषणा की थी। हालांकि उस समय उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि अजय की 'गोलमाल अगेन' भी इसी दौरान रिलीज की जाने वाली है।

इस फिल्म में तब्बू, परिणीति चोपड़ा, अरशद वारसी, श्रेयस तलपड़े, नील नितिन मुकेश, कुणाल खेमू और तुषार कपूर प्रमुख भूमिकाओं में हैं। परिणीति चोपड़ा और कुणाल ने ट्विटर पर फिल्म की पूरी टीम के साथ एक फोटो शेयर की है, जिसका शीर्षक लिखा : "इस दिवाली! गोलमाल अगेन।" गोलमाल फ्रेंचाइजी की पिछली तीन फिल्मों में करीना कपूर खान, रिमी सेन और शरमन जोशी भी थे।

Latest Bollywood News