मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'हाफ गर्लफ्रेंड' को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं। इस फिल्म में वह एक बिहारी लड़के का किरदार निभाते हुए नजर आ रहे हैं। फिल्म में अपने किरदार के साथ पूरी तरह से न्याय करने के लिए अर्जुन ने बिहार में खासा समय भी बिताया, ताकि वह अपने किरदार को बेहतर तरीके से समझ सकें। अभिनेता शूटिंग शुरू होने से तकरीबन 10 दिन पहले ही बिहार पहुंच गए और वहां के स्थानीय लोगों से मुलाकात की, ताकि वह उनकी बोली और व्यवहार को अच्छी तरह समझ सकें। उन्होंने बिहारी लहजे में बोलना सीखा।
वह खास तौर पर यह सीखना चाहते थे कि बिहार का एक लड़का, जिसे अंग्रेजी नहीं आती, वह आखिर किस तरह से इस भाषा का उच्चारण करेगा? अर्जुन डबिंग के दौरान भी वह भाषा के कोच को अपने साथ ले गए थे। सूत्रों के अनुसार, डबिंग में किसी भी तरह का जोखिम न उठाते हुए अभिनेता अपनी बोली पर विशेष तौर पर ध्यान दे रहे थे।
हाल ही में उनकी फिल्म का पोशन पोस्टर और एक डायलॉग प्रोमो भी रिलीज किया जा चुका है। इसके बाद से ही दर्शकों में फिल्म के लिए काफी उत्सुकता बढ़ गई है। फिल्म में अर्जुन के साथ श्रद्धा कपूर भी मुख्य किरदार निभाती हुई दिखाई देंगी। यह फिल्म चेतन भगत के उपन्यास ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ पर आधारित है।
Latest Bollywood News