मुंबई: अक्षय कुमार के अभिनय से सजी फिल्म ‘जॉली एलएलबी 2’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। यह 2013 में आई फिल्म ‘जॉली एलएलबी’ की सीक्वल है। पिछली फिल्म में जहां अरशद वारसी मुख्य किरदार निभाते हुए नजर आए थे, वहीं इसके सीक्वल में अक्षय ने उनकी जगह ले ली है। इसे लेकर अरशद का कहना है कि वह फिल्म में उनके स्थान पर अक्षय कुमार को लिए जाने को लेकर परेशान नहीं हैं।
इसे भी पढ़े:-
फिल्म के सीक्वल में अनुपस्थिति के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "नहीं, मैं परेशान नहीं हूं। अगर यह बात सच न होती तो मैं यहां नहीं होता।" अरशद गुरुवार रात फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग में उपस्थित हुए और उन्होंने कहा कि 'रुस्तम' स्टार अक्षय उनसे कहीं बेहतर हैं। उन्होंने कहा, "मुझे कहानी पहले से पता थी, लेकिन इसे देखना मजेदार था। मुझे फिल्म में उतार-चढ़ाव काफी पसंद आए। बुरे वकील का अच्छा वकील बनना काफी दिलचस्प है। अक्षय ने मुझसे 10 गुना बेहतर काम किया है।"
फिल्म के प्रीमियर में टिस्का चोपड़ा, सयानी गुप्ता, आथिया शेट्टी, मुकेश भट्ट और आनंद एल. राय जैसी फिल्मी हस्तियां उपस्थित थीं। 'जॉली एलएलबी 2' सुभाष कपूर द्वारा निर्देशित और लिखित है। फिल्म में अक्षय के अलावा हुमा कुरैशी, सौरभ शुक्ला और अन्नू कपूर जैसे कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
Latest Bollywood News