कोलकाता: बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और परिणीति चोपड़ा पिछले काफी वक्त से अपनी आगामी फिल्म मेरी प्यारी बिन्दु को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। परी 2 साल तक हिन्दी फिल्मों से दूर रहने के बाद अब एक बार फिर इस फिल्म से बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। परिणीति चोपड़ा इस बात को लेकर काफी खुश हैं कि उन्होंने इस फिल्म की शूटिंग शुरु कर दी है। हाल ही में फिल्म में आयुष्मान के किरदार का लुक भी सामने आया है। जिसमें वह एक टाइपराइटर लिए एक कहानी लिखते हुए नजर आ रहे हैं और बातों ही बातों में वह बिंदु की कहानी पर पहुंच जाते हैं।
इसे भी पढ़े:- परिणीति ने फिर करवाया फोटोशूट, बीच पर दिखा बोल्ड अंदाज
इससे पहले परिणीति को शाद अली के निर्देशन में बनी 2014 मे आई फिल्म 'किल दिल' में देखा गया था। परिणीति ने गुरुवार को ट्विटर पर लिखा, "खुशियों के शहर में फिल्म की शूटिंग शुरू। बिंदू के पसंदीदा अभिमन्यू जल्द यहां होंगे। आयुष्मान खुराना।"
यशराज फिल्म्स (वाईआरएफ) में 'इश्कजादे' अभिनेत्री परिणीति महत्वकांशी अभिनेत्री की भूमिका में दिखाई देंगी और इसके लिए उन्होंने गाना भी गाया है। आयुष्मान एक लेखक अभिमन्यु रॉय का किरदार निभाते दिखाई देंगे। फिल्म में परी के साथ काम करने को लेकर आयुष्मान भी काफी खुश हैं। उन्होंने कुछ वक्त पहले ही कहा था, "परिणिति एक अच्छी गायिका भी हैं। यह पहली बार है, जब मैं किसी अभिनेत्री और गायिका के साथ काम कर रहा हूं। जब 2012 में मैं उनसे पहली बार आईआईएफए पुरस्कार समारोह में मिला था, तब वह एक गाना गुनगुना रही थीं। हालांकि मुझे इस पर थोड़ा आश्चर्य हुआ, लेकिन वह इसे लेकर सहज थीं।" उन्होंने कहा, "वह हमेशा से गाना चाहती थीं और मुझे खुशी है कि वह अब इस फिल्म में गाना गाएंगी। हालांकि मुझे अपने बारे में नहीं पता कि इस फिल्म में गाने का मौका दिया जाएगा अथवा नहीं।"
कोलकाता की पृष्ठभूमि वाली 'मेरी प्यारी बिंदु' में परिणीति आयुष्मान खुराना के साथ दिखाई देंगी। अक्षय रॉय के निर्देशन में बनी इस फिल्म के निमार्ता मनीष शर्मा हैं।
Latest Bollywood News