फराह खान ने दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह को शादी का अनोखा तोहफा दिया है।
Image Source : INSTAGRAMRanveer Singh, Farah Khan, Deepika Padukone
कोरियोग्राफर-डायरेक्टर फराह खान ने दीपिका पादुकोण को 'ओम शांति ओम' से बॉलीवुड में लॉन्च किया था। इसी वजह से दीपिका, फराह के बहुत करीब हैं। दिवाली के दिन दीपिका और रणवीर सिंह, फराह के घर उन्हें शादी का न्योता देने गए थे। उसी समय फराह ने भी उन्हें एक गिफ्ट दिया।
उन्होंने दीपिका और रणवीर को उनके हैंड इम्प्रेशन का मोमेंटो दिया, जिसे पॉपुलर लाइफ कास्टिंग आर्टिस्ट भावना जसरा ने बनाया था। इसके पहले भावना, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अक्षय कुमार के लिए भी यादगार चीजें बना चुकी हैं।
अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए भावना ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा- ''फराह बहुत अच्छी दोस्त हैं। उन्होंने मुझे एक सुबह फोन कर कहा कि क्या मैं उनके घर आ सकती हूं क्योंकि वह दीपिका और रणवीर के लिए स्पेशल गिफ्ट बनाना चाहती थीं। वह उन्हें सरप्राइज देना चाहती थीं और उन्होंने मुझे दूसरे कमरे में छुपा दिया था।''
भावना ने इस काम के लिए फराह का आभार भी जताया है। उन्होंने कहा- ''दीपिका और रणवीर की लव-स्टोरी का हिस्सा बनाने के लिए धन्यवाद फराह।''
आपको बता दें कि दीपिका और रणवीर ने 14 नवंबर को इटली के लेक कोमो में कोंकणी रीति-रिवाज से शादी कर ली। 15 नवंबर को वो सिंधी रीति-रिवाज से शादी करेंगे। इसके बाद 21 नवंबर को बंगलुरु में और 28 नवंबर को मुंबई में रिसेप्शन देंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपिका ने फराह, शाहरुख खान और संजय लीला भंसाली को इटली में अपनी शादी के लिए न्योता दिया था। हालांकि तीनों में से किसी के भी जाने की अभी खबर नहीं है।