नई दिल्ली: रोहित शेट्टी की फिल्म ‘गोलमाल अगेन’ ने पहले दिन जबरदस्त कमाई की है। दीवाली के दूसरे दिन रिलीज हुई इस फिल्म के सुबह से रात तक के ज्यादातर शोज हाउसफुल रहे हैं। फिल्म की पहले दिन की कमाई का आंकड़ा भी सामने आ गया है। गोलमाल अगेन ने पहले दिन 30 करोड़ 14 लाख का बिजनेस किया है। यह दूसरी बार है जब अजय और रोहित के कॉम्बिनेशन ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 30 करोड़ का आंकड़ा पार किया है। इससे पहले दोनों की फिल्म ‘सिंघम रिटर्न्स’ ने पहले दिन 32 करोड़ 9 लाख का कारोबार किया था।
बात करें इस बार की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्मों की तो, कोई शक नहीं एस एस राजामौली की फिल्म ‘बाहुबली 2’ ने पहले दिन सबसे ज्यादा 41 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था। दूसरे नंबर पर 30 करोड़ के साथ अब अजय देवगन की फिल्म ‘गोलमाल अगेन’ आ गई है। तीसरे नंबर पर 21 करोड़ 15 लाख की ओपनिंग के साथ सलमान खान की फिल्म ‘ट्यूबलाइट’ है, चौथे नंबर पर अभिनेता शाहरुख खान की फिल्म रईस है, जिसने पहले दिन 20 करोड़ 42 लाख रुपये की कमाई की थी। पांचवे नंबर पर पिछले महीने रिलीज हुई फिल्म जुड़वा 2 है, जिसने 16 करोड़ 10 लाख की ओपनिंग की थी।
रोहित शेट्टी की फिल्म गोलमाल अगेन ने सिर्फ भारत में ही नहीं विदेशों में भी अच्छी कमाई की है। विदेशों की ओवरसीज कमाई मिला ले तो फिल्म ने पहले दिन 7 करोड़ 61 लाख की कमाई की है।
गोलमाल अगेन की सक्सेस का कारण फिल्म की दमदार कास्ट, गोलमाल की हिट फ्रेंचाइजी का नाम और दीवाली की छुट्टी का फायदा है। गोलमाल अगेन में अजय देवगन, अरशद वारसी, कुणाल खेमू, तुषार कपूर और श्रेयस तलपड़े ने अपने अपने किरदार में वापसी की है। वहीं इस बार फिल्म में तब्बू, परिणीति चोपड़ा भी नजर आ रही हैं।
यहां देखिए, 'गोलमाल अगेन' का वीडियो रिव्यू
Latest Bollywood News