रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की फिल्म गली बॉय को 92वें एकेडमी अवॉर्ड्स में भेजा गया है। गली बॉय बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म के लिए ऑस्कर 2020 में नॉमिनेट हुई है। यह फिल्म मुंबई के धारावी में रहने वाले मुराद की है जो स्लम से निकलकर रैपर बनता है। यह फिल्म रैपर नाजी और डिवाइन से प्रेरित है।
फिल्म में मुराद(रणवीर सिंह) अपनी परेशानियों को एक डायरी में लिखता है। जिसके बाद उसकी जिंदगी में रैपर एमसी शेर की एंट्री होती है जो उसे रैपर बनने में मदद करता है। एमसी शेर मुराद को रैप परफार्म करने में मदद करता है। जिसके बाद से मुराद के रैपर बनने का सफर शुरू हो जाता है।
फिल्म में कई किरदार अहम भूमिका निभाते नजर आए हैं। रणवीर सिहं, आलिया भट्ट के साथ सिद्धांत चतुर्वेदी और कल्कि केकलिन ने भी अपने किरदार से लोगों का दिल जीत लिया था।
आलिया भट्ट ने गली बॉय में मुराद की गर्लफ्रेंड सफीना का किरदार निभाया था। वह फिल्म में ज्यादा समय तक नजर नहीं आई थीं। मगर उनके बोलने का तरीके ने लोगों का दिल जीत लिया था। सफीना का किरदार काफी स्ट्रॉग्न बनाया गया था जो सर्जन बनना चाहती थीं।
गली बॉय में सबसे ज्यादा किसी की एक्टिंग ने इंप्रेस किया था तो वह सिद्धांत चतुर्वेदी थे। वह एमसी शेर के किरदार में बेहद पसंद किए गए। फिल्म में जितना अहम रोल रणवीर सिंह का था उनका साथ देने में सिद्धांत चतुर्वेदी भी कम नहीं थे।