नई दिल्ली: बॉलीवुड के ‘सुल्तान’ सलमान ख़ान जल्द ही छोटे परदे पर वापसी करने वाले हैं। ‘बिग बॉस 11’ आने में तो अभी वक्त है, लेकिन भाईजान सलमान ख़ान दस का दम दिखाने के लिए छोटे परदे पर आ रहे हैं।
जी हां, सलमान ख़ान टीवी शो ‘दस का दम’ से टेलीविजन में वापसी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि सलमान ख़ान सोनी टीवी के प्राइम टाइम 9 बजे में जगह लेंगे और उनका शो वीकेंड पर आएगा। मतलब साफ है सलमान की वजह से कपिल शर्मा को बाहर का रास्ता देखना पड़ सकता है। खबर है कि डील हो गई तो यह शो जुलाई से ऑनएयर हो जाएगा।
बता दें, सलमान खान ‘दस का दम’ के पहले दो सीजन भी साल 2008 और साल 2009 में होस्ट कर चुके हैं।
वहीं बताया जा रहा है कि ‘द कपिल शर्मा शो’ की गिरती टीआरपी की वजह से सोनी चैनल इस शो को रीन्यू नहीं कर रहा है। सुनील ग्रोवर और अन्य कॉमेडी कलाकारों के शो छोड़ने के बाद से ‘द कपिल शर्मा शो’ के दर्शक कम हो गये हैं, लोगों को अब इस शो में मजा नहीं आता है। यही वजह है कि सोनी चैनल अब इस शो को और आगे बढ़ाने के इरादे में नहीं है।
हालांकि इस बारे में अभी तक कोई ऑफिशियली स्टेटमेंट नहीं आया है।
Latest Bollywood News