मुंबई: बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा करीना कपूर खान 21 सितंबर को 36 साल की हो चुकी हैं। करीना अपने पहले बच्चे को जन्म देने वाली हैं और इसलिए उनका यह जन्मदिन उनके लिए बेहद खास है। बहरहाल, इसे मनाने के लिए उनकी कोई बहुत बड़े आयोजन की योजना नहीं थी। उन्होंने अपना यह खास दिन पति सैफ अली खान, बड़ी बहन करिश्मा कपूर और चचेरे भाई रणबीर कपूर के साथ मिलकर मनाया। करिश्मा ने सोशल मीडिया पर बुधवार शाम करीना के जन्मदिन पर आयोजित एक बेहद निजी पार्टी की तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें सभी काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
इसे भी पढ़े:-
करीना की जन्मदिन पार्टी में उनके पिता रणधीर, सैफ की बेटी सारा, उनकी बहन सोहा के पति कुणाल खेमू, अभिनेता अरमान जैन (करीना के कजन) के अलावा उनकी करीबी मित्र अमृता अरोड़ा और मलाइका अरोड़ा भी पहुंची थीं।
करीना ने एक सादा गाउन पहना था, वहीं करिश्मा ने एक काले टॉप के साथ फ्लोरल प्रिंट वाली एक छोटी स्कर्ट पहनी थी। करिश्मा ने इंस्टाग्राम पर अपने साथ करीना, रणबीर, अमृता और मलाइका की तस्वीर शेयर की।
इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, “भाई-बहनों, दोस्तों के साथ जन्मदिन का लुफ्त उठाया जा रहा है।“ करिश्मा ने करीना के साथ एक अन्य फोटो शेयर करते हुए लिखा, “जन्मदिन के पल।“ करीना ने पहले ही कहा था कि इस बार उनके लिए जन्मदिन काफी खास होगा क्योंकि वह मां बनने वाली हैं। सैफ और करीना के घर उनका पहला बच्चा दिसंबर में आने वाला है।