मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘मशीन’ के प्रमोशन में काफी व्यस्त हैं। इस फिल्म के गाने ‘तू चीज बड़ी है मस्त मस्त’ के बाद वह काफी सुर्खियां बटोरने लगी हैं। कियारा को पिछली बार फिल्म ‘एम.एस.धौनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ में अहम किरदार निभाते हुए देखा गया है। कियारा का कहना है कि किसी भी कलाकार को लगातार फिल्में करने के दबाव में नहीं फंसना चाहिए और इसकी जगह अपने काम की गुणवत्ता पर ध्यान देना चाहिए।
कियारा ने वर्ष 2014 में कॉमेडी फिल्म ‘फगली’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी और पिछले वर्ष वह फिल्म ‘एम.एस. धौनी’ में वह अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के साथ नजर आई थीं। अब वह अब्बास-मस्तान की निर्देशित फिल्म ‘मशीन’ में दिखाई देंगी।
कियारा ने एक कहा, “यह सब फिल्म इंडस्ट्री में सही अवसर मिलने और कड़ी मेहनत पर निर्भर है। आपको धैर्य रखने की जरूरत होती है क्योंकि काम को पूरा होने में समय लगता है, इसलिए आपको तैयार रहना चाहिए और लगातार फिल्में करने के दबाव को अपने उपर हावी नहीं होने देना चाहिए।“ उन्होंने कहा, “आपको अपनी प्रतिभा पर भरोसा होना चाहिए क्योंकि अंत में यही आपकी मदद करेगा। व्यक्तिगत तौर पर मैं शिकायत नहीं कर सकती क्योंकि मेरी यात्रा अच्छी रही है।“
फिल्म ‘मशीन’ में कियारा के साथ फिल्म निर्माता अब्बास के बेटे मुस्तफा बर्मावाला भी मुख्य किरदार निभाते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह फिल्म 17 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।
Latest Bollywood News