मुंबई: इरफान खान अभिनीत आगामी और निशिकांत कामत के निर्देशन में बनी फिल्म मदारी इन दिनों काफी चर्चा में हैं। निशिकांत अपनी फिल्म के साथ इस बात को लेकर भी खुश हैं कि उन्होंने निर्माताओं का भरोसा हासिल किया है। उनका कहना है कि उन्हें 5 करोड़ रुपये से लेकर 60 करोड़ रुपये तक की फिल्म की पेशकश की जा रही है, जो उनमें निर्माताओं के भरोसे को दर्शाता है। निशिकांत ने एक साक्षात्कार में कहा, "मैं काफी भाग्यशाली हूं कि मुझे पांच करोड़ रुपये से लेकर 60 करोड़ रुपये तक की फिल्मों के प्रस्ताव मिले हैं। ऐसा लग रहा है कि मेरे पास सबकुछ है। मुझे दूसरों के बारे में नहीं पता, लेकिन भाग्य से निर्माताओं ने मुझ पर विश्वास जताया है। इसलिए, कभी परेशानी नहीं हुई।"
इसे भी पढ़े:- ‘मदारी’ के लिए हॉलीवुड चलन का इस्तेमाल कर रहे हैं इरफान
'ग्रेट ग्रैंड मस्ती' के कारण आगे बढ़ी ‘मदारी’ की रिलीज डेट
फिल्म जगत में जहां अन्य निर्देशक अपनी पटकथा लिखते हैं, वहीं निशिकांत ने 'फोर्स', 'दृश्यम', 'रॉकी हैंडसम' जैसी रीमेक फिल्मों का निर्देशन किया है। उनकी मराठी फिल्म 'लाई भारी' के लेखक और निर्माता साजिद नाडियाडवाला हैं। इस चलन को उन्होंने अपनी आगामी फिल्म 'मदारी' में भी जारी रखा है, जिसके लिए उनसे फिल्म के मुख्य अभिनेता इरफान खान ने संपर्क किया और जिसकी पटकथा पहले ही लिखी हुई थी। निशिकांत ने बताया कि इरफान ने उन्हें कॉल कर मिलने के लिए कहा और इस मुलाकात में अभिनेता ने उन्हें एक पटकथा दिखाई।
निर्देशक ने कहा, "इरफान ने मुझसे कहा कि अगर आपको यह पटकथा अच्छी लगी है, तो आपको इसका निर्देशन करना चाहिए। मैंने जब इसे पढ़ा, तो यह मुझे मेरी तरह की फिल्म लगी और पटकथा लेखक रितेश शाह के साथ इस पर मैंने तीन-चार माह तक काम किया।" निशिकांत का कहना है कि उनकी फिल्म 'मदारी' एक सच्ची घटना से प्रेरित है और भावुकता से भरी है। इरफान अभिनीत फिल्म 'मदारी' 22 जुलाई को रिलीज होगी।
Latest Bollywood News