मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी पिछले कुछ वक्त से अपनी आगामी फिल्म ‘हिचकी’ को लेकर खूब सुर्खियां बटोर रही हैं। इस फिल्म में वह शादी के बाद पहली बार पर्दे पर अभिनय करती हुई दिखाई देंगी। फैंस उनकी इस फिल्म के लिए बेहद उत्साहित हैं। वहीं उन्होंने मां बनने के बाद पहली बार मंगलवार कैमरे का भी सामना किया। उन्होंने अपनी वापसी की फिल्म 'हिचकी' की शूटिंग शुरू कर दी है। यश राज फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो के माध्यम से यह घोषणा की।
रानी कैमरे के सामने पीठ किए काले लंबे बालों में नजर आ रही हैं, जबकि उन्होंने लिखा है - आज से शूटिंग शुरू। 'मर्दानी' में महिला पुलिसकर्मी की भूमिका से धमाल मचा चुकीं अभिनेत्री ने मां बनने के बाद कुछ समय के लिए पर्दे से दूरी बना ली थी। वह पति और फिल्म निर्माता आदित्य चोपड़ा के साथ आदिरा की मां हैं।
इसके बाद वह अच्छी फिल्म के साथ वापसी करना चाहती थीं। यश राज फिल्म्स के बैनर तले बन रही 'हिचकी' सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा और मनीश शर्मा द्वारा निर्देशित है। फिल्म में रानी एक सकारात्मक और प्रेरणादायक महिला की भूमिका में हैं, जो अपनी कमजोरी को अपनी सबसे बड़ी ताकत बना लेती हैं।
इससे पहले इस संबंध में रानी ने एक बयान में कहा है, "मैं एक ऐसे स्क्रिप्ट की तलाश में थी जो मुझे चुनौती दे सके और मुझे 'हिचकी' मिल गई" उन्होंने कहा, "हिचकी एक सकारात्मक कहानी है और मैंने इसमें काम करने का फैसला कर लिया।"
Latest Bollywood News