नई दिल्ली: अभिनेता रणवीर सिंह और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण आज इटली में अपने करीबी दोस्तों और परिवार की मौजूदगी में शादी करने जा रहे हैं। दोनों की शादी इटली के खूबसूरत लेक कोमो में होगी। दीपिका और रणवीर करीब 6 साल से रिलेशनशिप में हैं, दोनों की शादी से फैंस काफी ज्यादा उत्साहित हैं। बड़े पर्दे पर 'गोलियों की रासलीला राम-लीला' और 'बाजीराव मस्तानी' जैसी फिल्मों में दोनों की शानदार ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री ऑफलाइन भी हिट है।
दीप वीर की शादी समारोह में लगभग 40 मेहमान शामिल होंगे। विवाह पूर्व कार्यक्रमों की झलक सोशल मीडिया पर देखने के लिए दोनों के प्रशंसक बेताब हैं, लेकिन दोनों समारोह को निजी बनाने की कोशिश कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक कड़े सुरक्षा निर्देशों और लोगों के कमरों के बाहर मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं देने के कारण प्रशंसक अपने चहेते कलाकारों की शादी से जुड़े कार्यक्रमों की झलक नहीं देख पा रहे हैं।
वे उत्तरी इटली के लोम्बार्डी क्षेत्र में हैं। दीपिका और रणवीर ने सोमवार शाम को एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई और मंगलवार दोपहर को मेंहदी कार्यक्रम और शाम को संगीत कार्यक्रम हुआ। दोनों बुधवार को कोंकणी रीति-रिवाजों से शादी करेंगे जबकि अगले दिन वे पारंपरिक आनंद कारज समारोह में शादी करेंगे। निजी शादी समारोह के बाद यह जोड़ी बेंगलुरू में 21 ननंवबर को और मुंबई में 28 नवंबर को रिसेप्शन पार्टी देगी।
दोनों की शादी फैंस के लिए किसी सौगात से कम नहीं है, फैंस ट्विटर और इंस्टाग्राम पर #DeepVeer के साथ दोनों सितारों को शुभकामनाएं दे रहे हैं।
दीपिका और रणवीर के फैंस ने खुद को लड़की वाले और लड़के वाले डिक्लेयर कर दिया है। दीपिका के फैंस ने अपनी ट्विटर आईडी में लड़की वाले और रणवीर के फैंस ने अपनी ट्विटर आईडी में लड़के वाले जोड़ लिया है।
दीपिका की बहन अनीशा पादुकोण ने भी अपनी ट्विटर आईडी में नाम चेंज करके लड़कीवाले लिख लिया है।
(इनपुट- आईएनएस)
Also Read:
जानिए अपनी शादी पर इटली में कितना खर्च कर रहे हैं रणवीर-दीपिका
शाहरुख खान ने बेटी सुहाना के बारें में कहा, 'वह सांवली है लेकिन दुनिया की सबसे खूबसूरत लड़की है'
Latest Bollywood News