राहुल रॉय 90 के दशक में हिंदी सिनेमा के नए स्टार बन गए थे। डेब्यू के साथ ही वह बॉलीवुड की नई सनसनी बन गए। देखते ही देखते उनके पास फिल्मों की लाइन लग गई, लेकिन धीरे-धीरे करियर ने एक अलग ही मोड़ ले लिया। राहुल रॉय की फिल्में फ्लॉप होने लगीं, धीरे-धीरे उनका करियर पटरी से उतर गया और लगातार 20 फ्लॉप फिल्मों के बाद राहुल का करियर भी खत्म हो गया। राहुल धीरे-धीरे लाइमलाइट से भी दूर हो गए। 2020 में राहुल रॉय फिर चर्चा में आए, लेकिन इस बार किसी एक्टिंग प्रोजेक्ट को लेकर नहीं बल्कि सेहत से जुड़ी खबर को लेकर। राहुल रॉय को 2020 में ब्रेन स्ट्रोक हुआ था। अब अभिनेता ने ब्रेन स्ट्रोक के बाद आए मुश्किल दौर के बारे में बात की। अभिनेता ने बताया कि ब्रेन स्ट्रोक के बाद उन्हें अपना भविष्य अनिश्चित लग रहा था, लेकिन अब हालात काफी बेहतर हैं।
ब्रेन स्ट्रोक के बाद बिगड़े हालात
राहुल रॉय अब अपने अगले प्रोजेक्ट, 'सुपर बादशाह' की तैयारी कर रहे हैं, जिसमें वे एक अंडरवर्ल्ड डॉन का रोल निभाएंगे। इस बीच उन्होंने 'फ्री प्रेस जर्नल' के साथ बातचीत में, ब्रेन स्ट्रोक के बाद आई दिक्कतों और एक्टिंग में वापसी के बारे में बात की। राहुल रॉय ने बताया कि उन्हें स्ट्रोक के बाद बोलने में दिक्कत होती थी। लेकिन, उन्होंने अपनी लाइफस्टाइल में बदलाव किया और बताया कि वह रोजाना दिन में 8 दवाइयां लेते हैं। राहुल रॉय कहते हैं कि ब्रेन स्ट्रोक के बाद वह वीगन बन गए हैं।
ब्रेन स्ट्रोक के बाद वीगन बने राहुल रॉय
राहुल रॉय ने कहा, 'ब्रेन स्ट्रोक के मैं ये तक नहीं जानता था कि अब मैं कभी दोबारा चल भी पाऊंगा या नहीं। पहले मैं बहुत स्मोकिंग करता था, खूब नॉन-वेज खाता था, लेकिन ब्रेन स्ट्रोक के बाद मैंने अपनी लाइफस्टाइल में बदलाव किए और अब वीगन बन गया हूं। मैंने प्याज, लहसुन और दूध छोड़ दिया है और अब मैं जैन खाना खा रहा हूं। हर दिन नाश्ते के बाद मैं 8 दवाइयां लेता हूं। हालांकि, अब हालात पहले से कहीं बेहतर हैं।'
राहुल रॉय के पास नहीं था काम
कुछ दिनों पहले राहुल रॉय एक वीडियो को लेकर भी चर्चा में थे, जिसमें वह एक कंटेंट क्रिएटर के साथ दिखाई दिए। कंटेंट क्रिएटर के साथ राहुल रॉय की रील देखकर उनके फैंस निराश हो गए। वहीं कई ने उन्हें ट्रोल करना भी शुरू कर दिया, जिसके बाद अभिनेता ने एक पोस्ट साझा करते हुए कंटेंट क्रिएटर के साथ रील बनाने की वजह बताई थी। उन्होंने ये भी बताया कि वह आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहे थे। उन्हें अपने मेडिकल और कानूनी भुगतान के लिए रुपयों की जरूरत है, और ये मामले ब्रेन स्ट्रोक से पहले के हैं। अपने भुगतान के लिए वह ईमानदारी से काम कर रहे हैं। पिछले दिनों राहुल रॉय 'लाफ्टर शेफ 3' में भी नजर आए थे। शो के दौरान राहुल रॉय बिलकुल फिल्मी अंदाज में दिखाई दिए और अंकिता लोखंडे-तेजस्वी प्रकाश के साथ जमकर डांस किया।
ये भी पढ़ेंः 36 साल पहले आई ब्लॉकबस्टर, जिसके हीरो-हीरोइन का डूब गया करियर, हीरो मांग रहा काम तो एक्ट्रेस का चेहरा हुआ खराब
Latest Bollywood News