मुंबई: मुंबई के जुहू से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता और जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ पर 3 अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की है। हालांकि इस हमले में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर समेत 2 लोग घायल हो गए हैं।
घटना रविवार, 18 अक्टूबर 2026 की शाम को जुहू के पुष्पा पार्क के पास की है। मिली जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात लोग वहां पहुंचे और इलाके में गोलीबारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें गोली नहीं लगी है।
मुंबई पुलिस ने क्या कहा?
मुंबई पुलिस ने पुष्टि की है कि टाइगर श्रॉफ को कोई चोट नहीं आई है और इस घटना की जांच चल रही है। मुंबई पुलिस ने ये भी बताया है कि टाइगर की कार पर 7 राउंड फायरिंग हुई है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली हमले की जिम्मेदारी
टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। गैंग से जुड़े बताए जाने वाले गैंगस्टर अनिल पंडित और हरमन संधु ने कथित तौर पर हमले की जिम्मेदारी ली है। इससे पहले भी अनिल पंडित का नाम कई फायरिंग और हमलों से जुड़े दावों में सामने आए हैं। दिल्ली में गुरु रंधावा से जुड़े जिम पर हुई गोलीबारी के मामले में भी कथित तौर पर अनिल पंडित का नाम सामने आया था।
3 घायलों में ड्राइवर और एक रिक्शा चालक भी शामिल
टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग मामले में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें टाइगर का ड्राइवर और एक रिक्शा चालक भी शामिल है। बताया जा रहा है कि घटना के समय एक्टर टाइगर का ड्राइवर उनके साथ ही था और हमले के दौरान वह घायल हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार श्रॉफ गेम खेलकर लौट रहे थे तभी यह घटना हुई। गोलीबारी के पीछे का असली मकसद अभी साफ नहीं है और पुलिस हमलावरों की पहचान करने में लगी हुई है।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस के आरोपियों की तलाश जारी
जुहू पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार हमलावरों को खोजने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारी घटनास्थल की जांच कर रहे हैं और सबूत जुटा रहे हैं। जांच आगे बढ़ने के साथ ही इस मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है। इस घटना ने मुंबई के जुहू इलाके में चिंता पैदा कर दी है, जहां अक्सर फिल्मी हस्तियां रहती हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास इस गोलीबारी से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वे सामने आएं। मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें - टाइगर श्रॉफ ने मुंबई में ₹15.60 करोड़ में बेचा लग्जरी अपार्टमेंट, जानें साइज-लोकेशन, इतने में खरीदी थी ये प्रॉपर्टी
Latest Bollywood News