1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'दृश्यम 3' में आमने-सामने अजय देवगन-जयदीप अहलावत, कौन-किस पर पड़ेगा भारी? ट्रेलर देखने के बाद लोगों ने दी राय

'दृश्यम 3' में आमने-सामने अजय देवगन-जयदीप अहलावत, कौन-किस पर पड़ेगा भारी? ट्रेलर देखने के बाद लोगों ने दी राय

'दृश्यम: द कन्क्लून' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और रिलीज के साथ ही इसके कलाकारों की भी चर्चा शुरू हो गई है। दृश्यम के तीसरे भाग में जयदीप अहलावत ने भी एंट्री ली है, जिन्होंने अपनी एक ही झलक से दर्शकों के दिल जीत लिए हैं।

ajay devgn- India TV Hindi
Image Source : YOUTUBE/STAR STUDIOS 'दृश्यम 3' में राजवीर सिंह तोमर से होगा विजय सलगांवकर का सामना।

अजय देवगन की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' का लंबे समय से इंतजार हो रहा है। आज यानी 9 सितंबर को मेकर्स ने 'दृश्यम 3' ट्रेलर जारी किया, जिसमें पुराने किरदारों के साथ-साथ कुछ नए किरदार भी नजर आ रहे हैं। फिल्म में जहां एक बार फिर अजय देवगन, विजय सलगांवकर की भूमिका को दोहराते नजर आएंगे तो वहीं तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव भी अपनी भूमिका को दोहराते दिखाई देंगे। 'दृश्यम' के तीसरे भाग में प्रकाश राज और जयदीप अहलावत की भी एंट्री हुई है। प्रकाश राज जहां वकील की भूमिका में नजर आएंगे तो वहीं जयदीप अहलावत एक क्राइम ब्रांच अधिकारी के रोल में नजर आने वाले हैं। जैसे ही फिल्म का ट्रेलर जारी हुआ, दर्शकों के बीच अब 'दृश्यम 3' में जयदीप अहलावत और अजय देवगन के बीच होने वाले फेस ऑफ की चर्चा शुरू हो गई है।

विजय सलगांवकर Vs राजवीर सिंह तोमर

'दृश्यम 3' का ट्रेलर जारी होने के बाद एक बात साफ हो गई है कि इस बार विजय सलगांवकर का सामना सिर्फ आईजी मीरा देशमुख से ही नहीं है, बल्कि उसे इस बार क्राइम ब्रांच एसपी राजवीर सिंह तोमर का भी सामना करना पड़ेगा। बीते दो भाग में जहां अजय देवगन ही सुर्खियां बटोरते दिखे तो वहीं इस बार राजवीर सिंह तोमर के रोल में जयदीप अहलावत उन्हें जबरदस्त टक्कर देते दिखाई दे रहे हैं, जिसकी अब सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है। ट्रेलर रिलीज होने के बाद लगातार यही सवाल उठ रहे हैं कि विजय सलगांवकर और राजवीर सिंह तोमर में से कौन किस पर भारी पड़ेगा? चलिए जानते हैं 'दृश्यम 3' में अजय देवगन और जयदीप अहलावत के फेस ऑफ पर नेटिजंस का क्या कहना है।

विजय सलगांवकर और राजवीर सिंह तोमर के फेस-ऑफ पर नेटिजंस का रिएक्शन

'दृश्यम 3' का ट्रेलर जारी होते ही दर्शक दो वर्ग में बंट चुके हैं। एक तरफ कुछ ने विजय सलगांवकर के रोल में अजय देवगन को बेस्ट बताया तो वहीं कुछ का कहना है कि जयदीप अहलावत इस बार सारी लाइमलाइट लूटने वाले हैं। खासतौर पर एसपी राजवीर सिंह तोमर के रूप में जयदीप अहलावत का शुरुआती डायलॉग- 'मैं आदमी नहीं शनि हूं, जिस पर टेढ़ी नजर पड़ गई ना... समझो उसका खराब टाइम शुरू।' एक ही डायलॉग से जयदीप अहलावत ने लाइमलाइट लूट ली है। कई का तो ये तक कहना है कि इस बार जयदीप अहलावत, अजय देवगन पर भारी पड़ते नजर आ रहे हैं। हालांकि, कुछ हमेशा की तरह 'विजय सलगांवकर' को मास्टरमाइंड बताते दिखे।

दृश्यम 3 की कास्ट और रिलीज डेट

'दृश्यम 3' की कास्ट की बात करें तो फिल्म में एक बार फिर अजय देवगन, विजय सलगांवकर की भूमिका दोहराते नजर आएंगे। उनके साथ तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, इशिता दत्ता, प्रकाश राज, जयदीप अहलावत, मृणाल जाधव और कमलेश सावंत जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म के निर्देशक अभिषेक पाठक हैं और ये 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

ये भी पढ़ेंः Drishyam 3 Trailer X Review: चारों ओर से घिरा विजय सलगांवकर, कुंडली में बैठा 'शनि', ट्रेलर देखकर बोले लोग- 'ब्लॉकबस्टर लोडिंग'

Latest Bollywood News