अमिताभ बच्चन के साथ 1982 में 'कुली' के सेट पर हुई घटना को ना तो उनका परिवार भुला सका है, ना फिल्म इंडस्ट्री और ना ही उनके फैंस। कुली के सेट पर पुनीत इस्सर के साथ एक्शन सीन फिल्माते हुए अमिताभ बच्चन एक ऐसे हादसे का शिकार हो गए थे, जिसने उन्हें मौत के करीब पहुंचा दिया था। एक एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान, पुनीत इस्सर को अमिताभ बच्चन के पेट में मुक्का मारना था। लेकिन, गलती से पुनीत इस्सर का ये पंच अमिताभ बच्चन को इतनी जोर से लगा कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा और उनकी बात उनकी जिंदगी पर आ गई। डॉक्टरों को उनकी सर्जरी करनी पड़ी। अमिताभ बच्चन की जान तो बच गई, लेकिन सर्जरी के दौरान डॉक्टर्स की एक चूक का नतीजा हेपेटाइटिस बी बनकर सामने आया।
हेपेटाइटिस बी की चपेट में आ गए थे अमिताभ बच्चन
दरअसल, इस हादसे के चलते अमिताभ बच्चन का काफी खून बह गया था, जिसके चलते उन्हें खून चढ़ाना पड़ा। उन्हें खून देने के लिए अस्पताल के बाहर उनके फैंस की भीड़ लाइन लग गई थी। इन्हीं में से एक डोनर को हेपेटाइटिस बी था। खून चढ़ाते वक्त डॉक्टर्स से चूक ये हुई कि उन्होंने बिग बी को जल्दबाजी में हेपेटाइटिस बी से संक्रमित व्यक्ति का भी खून चढ़ा दिया, जिससे अमिताभ बच्चन भी इस बीमारी से संक्रमित हो गए। अमिताभ बच्चन को अपने अंदर पल रहे इस संक्रमण की जानकारी 18 साल बाद लग सकी।
जब अमिताभ बच्चन के पेट में उठा दर्द
साल 2018 में एक दिन अमिताभ बच्चन के पेट में जोर का दर्द उठा, जिसके बाद वह डॉक्टर के पास पहुंचे। उनकी जांचें हुईं तो पता चला कि समस्या उनकी आंत में थी। उनकी डाइवर्टिक्युलाइटिस ऑफ स्मॉल इंटेस्टाइन सर्जरी की गई। इसी दौरान पता चला कि उन्हें लिवर सिरोसिस नाम की बीमारी है, जो उन्हें हेपेटाइटिस बी के चलते हुई है। ये एक ऐसी स्थिति है, जिसमें लिवर धीरे-धीरे खराब होने लगता है और लिवर के टिश्यू काम करना बंद कर देते हैं।
25 प्रतिशत लिवर पर जिंदा हैं अमिताभ बच्चन
हेपेटाइटिस के चलते अमिताभ बच्चन का लिवर 75 प्रतिशत तक खराब हो गया था, जिसके चलते अब वह सिर्फ 25 प्रतिशत लिवर पर ही जिंदा हैं। बिग बी कौन बनेगा करोड़पति में भी इसके बारे में बात कर चुके हैं। शो के दौरान ही उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम का जिक्र किया था और बताया था कि कैसे सालों पहले एक छोटी सी चूक के चलते उनका 75 प्रतिशत लिवर खराब हो गया और अब वह सिर्फ 25 प्रतिशत लिवर पर जिंदा हैं।
ये भी पढ़ेंः
23 साल के हुए अक्षय-ट्विंकल के लाडले आरव, 15 की उम्र में छोड़ दिया था घर, अब पापा ने इस अंदाज में किया विश
लाख कोशिश के बाद भी बेटे को स्टार नहीं बना पाया फिल्ममेकर, पानी की तरह बहाया पैसा, फिर भी डूबी स्टारकिड की नैया
Latest Bollywood News