1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. अमिताभ बच्चन के साथ जब हुई ईव टीजिंग, कॉलेज की लड़कियों ने खुलेआम छेड़ा, KBC में सुनाया किस्सा

अमिताभ बच्चन के साथ जब हुई ईव टीजिंग, कॉलेज की लड़कियों ने खुलेआम छेड़ा, KBC में सुनाया किस्सा

अमिताभ बच्चन अक्सर पुराने दिनों से जुड़ी यादें साझा करते रहते हैं। अब हाल ही में उन्होंने 'कौन बनेगा करोड़पति' के हालिया एपिसोड में खुद से जुड़ा एक किस्सा शेयर करते हुए वो दिन याद किया जब वह ईव टीजिंग का शिकार हुए थे।

Amitabh Bachchan- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@AMITABHBACHCHAN अमिताभ बच्चन।

अमिताभ बच्चन 84 साल के हो चुके हैं और इस उम्र में भी वह बेहद एक्टिव हैं। इस उम्र में भी वह कई फिल्मों की शूटिंग कर रहे हैं, सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं और क्विज बेस्ड रियेलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' भी होस्ट कर रहे हैं। इस शो में बिग बी अक्सर अपने करियर, परिवार और जवानी के दिनों से जुड़ी यादें शेयर करते रहते हैं। अब 'केबीसी' के हालिया एपिसोड में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। अमिताभ बच्चन ने शो के लेटेस्ट एपिसोड में वो दिन याद किया जब उन्हें कॉलेज की लड़कियों ने छेड़ा था। माधुरी दीक्षित की मौजूदगी वाले एपिसोड में, अमिताभ बच्चन ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के मिरांडा हाउस से जुड़ा मजेदार किस्सा सुनाया और फिर कहा कि जब उन्हें लड़कियों ने छेड़ा, तब उन्हें समझ आया कि महिलाएं रोज किन हालातों से गुजरती हैं।

जब अमिताभ बच्चन को लड़कियों ने छेड़ा

अमिताभ बच्चन ने माधुरी दीक्षित से बात करते हुए मिरांडा हाउस के अपने पहले दौरे को याद किया। उन्होंने बताया कि हॉस्टल की बालकनी में कुछ लड़कियां बैठी थीं, जिन्होंने उन पर मजेदार कमेंट्स किए। घटना का जिक्र करते हुए बिग बी कहते हैं- 'मैं आपको एक बात बताना चाहता हूं, जो थोड़ी संवेदनशील भी है। ये मेरा मिरांडा हाउस में पहला दिन था, जब हम वहां गए तो हॉस्टल की बालकनी में कुछ लड़कियां बैठी थीं। हॉस्टल की बालकनी से ही उन्होंने हमें देखा और कहा- 'हाय-हाय, क्या चाल है!' और तब हमें पता चला कि एक महिला हर दिन किन हालातों से गुजरती है। उनके दिल में क्या होता है, जब आए दिन उनके साथ छेड़छाड़ होती है।'

जब तक खुद के ऊपर नहीं बीतती, समझ नहीं आता- अमिताभ बच्चन

अमिताभ बच्चन आगे इस बारे में बात करते हुए कहते हैं- 'जब तक आपके ऊपर खुद चीजें नहीं बीततीं, तब तक आपको पता नहीं चलता। आपको नहीं पता चलेगा कि जब हम पहली बार मिरांडा हाउस में घुसे और ये सब कुछ सुना तो हमें समझ ही नहीं आया कि यार क्या करें।' इस पर माधुरी दीक्षित पूछती हैं- 'तो आपने क्या किया?' इस पर बिग बी ने अपने ही अंदाज में जवाब देते हुए कहा- 'भाग गए हम, और क्या।' ये सुनते ही माधुरी दीक्षित और सामने बैठी ऑडियंस जोर-जोर से हंसने लगी।

अमिताभ बच्चन का वर्कफ्रंट

अमिताभ बच्चन के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स की बात करें तो वह बहुचर्चित साई-फाई पौराणिक फिल्म 'कल्किः 2898 एडी' के सीक्वल में नजर आएंगे, जिसमें वह 'अश्वत्थामा' का किरदार निभा रहे हैं। उनके साथ इस फिल्म में प्रभास, कमल हासन जैसे स्टार हैं। इसके अलावा वह सस्पेंस-थ्रिलर 'आंखें 2' में भी नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा लीड रोल में हैं। इन दिनों बिग बी एक चिंताजनक वजह से भी चर्चा में हैं। हाल ही में अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बॉम्बे हाईकोर्ट को एक धमकी भरा ईमेल मिला है, जिसमें बॉम्बे हाईकोर्ट, बीएसई (BSE), वर्ली रेसकोर्स और अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।

ये भी पढ़ेंः 'राइज एंड फॉल 2' के विनर बने शहजाद पूनावाला, डोनेट करेंगे विनिंग अमाउंट में मिले 35 लाख, शो में किया ऐलान

Latest Bollywood News