शहजाद पूनावाला 'राइज एंड फॉल' सीजन 2 के विजेता बन गए हैं। शो का ये सीजन पिछले सीजन की ही तरह दोस्ती, दुश्मनी से लेकर जीत के पलों तक ड्रामे से भरा रहा। वहीं 6 हफ्तों के संघर्ष, खूब लड़ाई-झगड़े के बाद आखिरकार 'राइज एंड फॉल' सीजन 2 में शहजाद पूनावाला को विनर घोषित किया गया। उन्होंने ट्रॉफी के साथ-साथ 35 लाख रुपये की राशि अपने नाम की। शो में विनर के तौर पर अपने नाम का ऐलान होने के बाद शहजाद पूनावाला ने एक ऐसा ऐलान किया, जिसे लेकर अब उनकी वाहवाही हो रही है। शहजाद पूनावाला ने स्टेज से ही घोषणा की कि ईनाम में मिले 35 लाख रुपये की राशि वह असम और बिहार के लोगों की भलाई के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में दान कर देंगे।
राइज एंड फॉल 2 के टॉप 6 कंटेस्टेंट
ग्रैंड फिनाले की शुरुआत टॉप 6 फाइनलिस्ट्स की दमदार परफॉरमेंस से हुई। इसके बाद 'फॉर्च्यून फ्लोर पिरामिड' चैलेंज के चलते निहारिका तिवारी फाइनल की रेस से बाहर हो गईं। निहारिका के बाद करण पटेल और स्वरा भास्कर के लिए भी 'टावर लाइट्स' लाल हो गईं और प्रियंका चाहर चौधरी, गौतम गुलाटी और शहजाद पूनावाला ने टॉप 3 में जगह बनाई। इसके बाद वीरेंद्र सहवाग ने विनर के नाम का ऐलान किया और शहजाद पूनावाला का नाम लिया। शहजाद जहां शो के विनर बने तो वहीं प्रियंका चाहर फर्स्ट रनरअप और गौतम गुलाटी दूसरे रनर-अप रहे।
शहजाद पूनावाला की विनिंग स्पीच
शहजाद पूनावाला ने विनिंग स्पीच में कहा, 'राइज एंड फॉल सीजन 2’ जीतना एक ऐसा एहसास है, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। ये सफर मेरे लिए बिलकुल भी आसान नहीं था। मुझे लगातार खुद को इस शो के हिसाब से ढालना पड़ा और आगे बढ़ते रहना पड़ा, भले ही चीजें मेरे पक्ष में न हों। कई बार मेरे मन में शक भी पैदा हुआ, लेकिन अंदर ही अंदर कहीं न कहीं मैं जानता था कि मैं ये शो जीत सकता हूं। आज ट्रॉफी के साथ यहां खड़े होने के साथ ये यकीन भी सच में बदल गया। यह जीत इस बात का सबूत है कि अगर इरादा पक्का हो तो क्या कुछ नहीं किया जा सकता।'
शहजाद पूनावाला ने किया बड़ा ऐलान
अपनी विनिंग स्पीच के ही दौरान शहजाद पूनावाला ने विनिंग अमाउंट डोनेट करने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा- 'मैंने पहले ही कहा था कि मैं विनिंग अमाउंट जरूरतमंदों के लिए डोनेट करूंगा। मैं प्राइज मनी असम और बिहार बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करूंगा।' ऐलान करते हुए कहा, 'मुझे अपने हर फैसले पर गर्व रहा है और हर उतार-चढ़ाव के दौरान मैं जैसा इंसान बना रहा मुझे उसे लेकर भी नाज है। मैंने जो रिश्ते बनाए, जो हंसी-मजाक किए वो यादें इस शो से कहीं बढ़कर हैं। मैं अपने साथ एक ट्रॉफी के साथ-साथ कभी न भूलने वाली यादें और इस बात का सुकून लेकर घर जा रहा हूं कि मैंने इसके लिए अपना सब कुछ झोंक दिया था।'
ये भी पढ़ेंः सुहाना ने 'किंग' के सॉन्ग 'तू मिल जाए' पर शेयर किया वीडियो, देखकर चौंके पापा शाहरुख खान, पूछा- 'कैसे याद रख लेती हो?'