रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ को अपना विजेता मिल गया है। इस सीजन की ट्रॉफी शहजाद पूनावाला ने अपने नाम कर ली है। शो के फिनाले में उन्होंने अपने दमदार खेल और रणनीति के दम पर बाकी प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की। इस शानदार जीत के साथ शहजाद को 35 लाख रुपये की नकद इनामी राशि भी मिली। पूरे सीजन के दौरान उन्होंने अपने खेल, बेबाक अंदाज और घर के अंदर बने समीकरणों को लेकर दर्शकों का ध्यान खींचा। फिनाले के बाद उनकी जीत की चर्चा सोशल मीडिया पर भी होने लगी है। अब जानिए शो में शहजाद का सफर कैसा रहा और किन चुनौतियों को पार कर उन्होंने विजेता की ट्रॉफी हासिल की।
टॉप 3 में पहुंचे ये सितारे।
बता दें, टॉप 3 में 'बिग बॉस' विजेता रहे गौतम गुलाटी और 'नागिन' फेम प्रियंका चहर चौधरी, शहजाद पूनावाला के साथ पहुंचे थे, लेकिन दोनों को हराकर शहजाद पूनावाला ने जीत दर्ज की। इस जीत ने सभी को चौंका दिया। प्रियंका चहर चौधरी दूसरे नबर पर रहीं, वहीं गौतम गुलाटी तीसरे पायदान पर आए। फिनाले में 6 कंटेस्टेंट पहुंचे थे, जिसमें स्वरा भास्कर, करण पटेल और निहारिका भी थे।

शहजान को मिला था टिकट टू फिनाले
शहजादल पूनावाला ने सबसे पहले टिकट टू फिनाले जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली थी। जीत की रेस में सबसे पहले टॉप 6 में से निहारिका बाहर हुई, इसके बाद करण पटेल का पत्ता कटा, फिर स्वरा भास्कर बाहर हुईं और आखिर में टॉप 3 में गौतम गुलाटी, प्रियंका चहर और शहजाद नजर आए। बता दें, बीते एक एपिसोड में तहसीन पूनावाला भी नजर आए थे
वोटिंग के जरिए हुआ विजेता का फैसला
‘राइज एंड फॉल 2’ के विजेता का चुनाव आखिरकार वोटिंग के आधार पर हुआ। जब टॉप 3 प्रतियोगियों के बीच मुकाबला बराबरी पर पहुंच गया, तब शो में मौजूद बाकी प्रतिभागियों को बुलाकर उनसे विजेता चुनने के लिए वोट कराया गया। इस फैसले में गौतम गुलाटी दूसरे रनर-अप रहे, जबकि प्रियंका चाहर चौधरी को फर्स्ट रनर-अप घोषित किया गया। वहीं, शहजाद पूनावाला ने सभी को पीछे छोड़ते हुए शो की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
जीत के बाद क्या बोले शहजाद पूनावाला?
जीत के बाद शहजाद पूनावाला ने शो के दौरान आए उतार-चढ़ाव और चुनौतियों को याद किया। उन्होंने कहा कि इस जीत की खुशी को शब्दों में बयां करना आसान नहीं है। शो में टावर की ऊंचाइयों से लेकर बेसमेंट की अनिश्चितताओं तक, हर परिस्थिति में उन्हें खुद को ढालना पड़ा। कई बार हालात उनके पक्ष में नहीं थे और मन में संदेह भी आया, लेकिन उन्होंने खुद पर भरोसा बनाए रखा। शहजाद के मुताबिक, उन्हें हमेशा विश्वास था कि वह यह मुकाम हासिल कर सकते हैं और ट्रॉफी हाथ में आने के साथ उनका यह विश्वास हकीकत बन गया है। उन्होंने अपनी जीत को दृढ़ इच्छाशक्ति और मुश्किलों से लड़ने की क्षमता का परिणाम बताया।
शहजाद ने आगे कहा कि वह शो से सिर्फ ट्रॉफी ही नहीं, बल्कि कई खूबसूरत यादें और रिश्ते भी लेकर जा रहे हैं। उन्हें अपने हर फैसले और पूरे सफर के दौरान अपने व्यवहार पर गर्व है। प्रतियोगियों के साथ बनी दोस्ती, हंसी-मजाक और मुकाबले से जुड़े पल उनके लिए हमेशा खास रहेंगे। उन्होंने शो के निर्माताओं, एमएक्स प्लेयर बाय प्राइम वीडियो और बनिजय एशिया का भी आभार जताया। शहजाद ने कहा कि उन्हें इस मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देने और शो को इतने शानदार तरीके से पेश करने के लिए वह पूरी टीम के शुक्रगुजार हैं। उनके लिए यह जीत और इससे जुड़ी यादें हमेशा यादगार रहेंगी।