1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. रिलीज होते ही ‘रामायण’ ने मचाया तहलका, पहले दिन कमाए 64.85 करोड़, फिर भी एक मामले में ‘आदिपुरुष’ से रह गई पीछे

रिलीज होते ही ‘रामायण’ ने मचाया तहलका, पहले दिन कमाए 64.85 करोड़, फिर भी एक मामले में ‘आदिपुरुष’ से रह गई पीछे

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Nov 06, 2026 08:18 am IST,  Updated : Nov 06, 2026 08:18 am IST

रणबीर कपूर की ‘रामायण’ ने पहले दिन भारत में 64.85 करोड़ रुपये कमाकर 2026 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग दर्ज की। शानदार शुरुआत के बावजूद फिल्म प्रभास की ‘आदिपुरुष’ का रिकॉर्ड तोड़ने में पीछे रह गई।

ranbir kapoor- India TV Hindi
रणबीर कपूर और रवि दुबे। Image Source : WORLDOFRAMAYANA/INSTAGRAM

रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी ताकत दिखा दी है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस पौराणिक फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच लंबे समय से उत्सुकता बनी हुई थी। रिलीज से पहले हुई शानदार एडवांस बुकिंग और फिल्म को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रियाओं का असर पहले दिन की कमाई में भी दिखाई दिया। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने भारत में 64.85 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। इसके साथ ही यह 2026 में रिलीज हुई फिल्मों की पहले दिन की कमाई के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। हालांकि, इतनी शानदार शुरुआत के बावजूद फिल्म प्रभास की ‘आदिपुरुष’ के ओपनिंग रिकॉर्ड को तोड़ने में नाकाम रही।

पहले दिन 64.85 करोड़ की कमाई, हिंदी वर्जन का सबसे बड़ा योगदान

ट्रेड ट्रैकिंग पोर्टल सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, ‘रामायण’ ने रिलीज के पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 64.85 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया। सभी भाषाओं को मिलाकर फिल्म का इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 77.50 करोड़ रुपये रहा। पहले दिन देशभर में फिल्म के करीब 25,200 शो आयोजित किए गए। इसमें हिंदी वर्जन की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा रही। हिंदी में फिल्म ने 20,678 शो के जरिए 47.50 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं, कन्नड़ भाषा में 1,197 शो से 7.25 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। तेलुगु वर्जन ने 1,776 शो के जरिए 6 करोड़ रुपये जुटाए। तमिल में फिल्म की कमाई 2.60 करोड़ रुपये रही, जबकि मलयालम वर्जन ने 557 शो से 1.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इन आंकड़ों से साफ है कि फिल्म को हिंदी बेल्ट में सबसे मजबूत शुरुआत मिली है।

‘धुरंधर 2’ से पीछे, लेकिन ‘धुरंधर’, ‘पठान’ और ‘एनिमल’ को छोड़ा पीछे

पहले दिन की कमाई के मामले में ‘रामायण’ ने कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। 2026 की फिल्मों की लिस्ट में इससे आगे सिर्फ ‘धुरंधर: द रिवेंज’ है, जिसने पहले दिन सभी भाषाओं में 102.55 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं ‘रामायण’ की शुरुआत ‘धुरंधर’ से बेहतर रही है। शाहरुख खान की ‘पठान’ और रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ जैसी फिल्मों को भी इसने शुरुआती कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया है। हालांकि अगर भारतीय सिनेमा की बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों की बात करें तो प्रभास की ‘आदिपुरुष’ अब भी इससे आगे है। इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन सभी भाषाओं में 86.75 करोड़ रुपये कमाए थे। यानी ‘रामायण’ को अपनी शुरुआती कमाई में लगभग 22 करोड़ रुपये का फासला तय करना होगा, तभी वह ‘आदिपुरुष’ के पहले दिन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ पाएगी।

विदेशों में कमाई के आंकड़ों का इंतजार

भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत करने के बाद अब सभी की निगाहें फिल्म के विदेशी बाजारों के कलेक्शन पर टिकी हैं। फिलहाल ओवरसीज मार्केट से पहले दिन की आधिकारिक कमाई के आंकड़े सामने नहीं आए हैं। शुरुआती अनुमानों के मुताबिक विदेशों से फिल्म को 20 से 40 करोड़ रुपये तक मिल सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो भारत और विदेशों की कमाई मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड ओपनिंग कलेक्शन 100 करोड़ रुपये के पार पहुंच सकता है। हालांकि, विदेशी बाजारों के वास्तविक आंकड़े आने के बाद ही इसकी वैश्विक कमाई की सही तस्वीर साफ होगी।

अब वीकेंड पर टिकी निगाहें, लक्ष्मी पूजा बन सकती है चुनौती

‘रामायण’ के लिए असली परीक्षा अब आने वाले दिनों में होगी। पहले दिन की शानदार कमाई के बाद फिल्म को अपनी रफ्तार बनाए रखनी होगी। दर्शकों से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रियाएं और अच्छी माउथ पब्लिसिटी इसके कलेक्शन को आगे बढ़ाने में मदद कर सकती हैं। इसकी वजह यह भी है कि बड़े बजट की फिल्मों के लिए सिर्फ ओपनिंग डे का रिकॉर्ड बनाना काफी नहीं होता, बल्कि वीकेंड और उसके बाद भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाना जरूरी होता है। इस मामले में फिल्म के सामने दिवाली की छुट्टियां एक बड़ा मौका भी हैं और चुनौती भी। रविवार को दिवाली होने के कारण शाम के शो पर लक्ष्मी पूजा का असर पड़ सकता है। ऐसे में शाम के कारोबार में गिरावट की आशंका है। दूसरी तरफ सोमवार को छुट्टी और त्योहार के माहौल का फायदा फिल्म को मिल सकता है। यदि दर्शकों की प्रतिक्रिया इसी तरह सकारात्मक बनी रहती है तो फिल्म सोमवार को भी शानदार कमाई कर सकती है। गौरतलब है कि ‘आदिपुरुष’ और ‘टॉक्सिक’ जैसी बड़ी फिल्मों को शुरुआती उत्साह के बावजूद दूसरे दिन से कलेक्शन में गिरावट का सामना करना पड़ा था। ऐसे में ‘रामायण’ के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह साबित करने की होगी कि उसकी सफलता केवल एडवांस बुकिंग और पहले दिन के क्रेज तक सीमित नहीं है।

दो हिस्सों में बनेगी ‘रामायण’, 4000 करोड़ रुपये है बजट

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ भारतीय पौराणिक कथा पर आधारित दो हिस्सों वाली फिल्म सीरीज का पहला भाग है। इसका निर्माण नमित मल्होत्रा ने यश की कंपनी मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण, अरुण गोविल, लारा दत्ता, शोभना और विवेक ओबेरॉय भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म के दोनों हिस्सों का प्रोडक्शन बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इसके संगीत की जिम्मेदारी एआर रहमान और हॉलीवुड के मशहूर संगीतकार हैंस जिमर ने संभाली है। फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2028 में रिलीज होने की उम्मीद है। ऐसे में पहले भाग की बॉक्स ऑफिस सफलता इस मेगा प्रोजेक्ट के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। अब देखना होगा कि ‘रामायण’ आने वाले दिनों में अपनी कमाई से कौन-कौन से नए रिकॉर्ड कायम करती है।

ये भी पढ़ें: भागे जा रहे थे बेटे आरव, बुलाकर लाए अक्षय कुमार, फिर सिखाया कैसे देना है पोज, कैमरों के सामने छाई बाप-बेटे की जोड़ी

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।