1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड के खूंटी में भीषण सड़क हादसा, स्कूटी सवार को बचाने दौड़े लोगों को ट्रेलर ने रौंदा; 7 की दर्दनाक मौत

झारखंड के खूंटी में भीषण सड़क हादसा, स्कूटी सवार को बचाने दौड़े लोगों को ट्रेलर ने रौंदा; 7 की दर्दनाक मौत

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Nov 06, 2026 06:36 am IST,  Updated : Nov 06, 2026 08:12 am IST

खूंटी में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। कर्रा पुलिस स्टेशन की कोशांबी कॉलोनी के पास बेकाबू 18 चक्का ट्रेलर ने कई लोगों को बुरी तरह रौंद दिया। इस दुर्घटना में 4 महिलाओं और 3 बच्चों की मौत हो गई है।

खूंटी में भयानक सड़क...- India TV Hindi
खूंटी में भयानक सड़क हादसा। Image Source : ANI

झारखंड के खूंटी जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाला दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। दरअसल, कर्रा थाना क्षेत्र स्थित कोशांबी कॉलोनी के पास गुरुवार रात एक बेकाबू 18 चक्का ट्रेलर ने सड़क पर मौजूद लोगों को बुरी तरह रौंद दिया। इस दिल दहला देने वाली दुर्घटना में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में 4 महिलाएं और 3 मासूम बच्चे शामिल हैं।

बेकाबू ट्रेलर की चपेट में आए 9 लोग

चश्मदीदों के मुताबिक, रात करीब सवा 10 बजे एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में गिर गया था। फिर, शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण उसकी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकले। कुछ युवक झाड़ी में फंसे स्कूटी सवार को बाहर निकालने में जुटे थे, वहीं महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर देख रहे थे। इसी दौरान, तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे अनियंत्रित ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े 9 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।

हादसे के बाद खूंटी के कई परिवारों में मातम

हादसे में स्थानीय निवासी बिरसा नायक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके परिवार के तीन सदस्यों पत्नी कसीला देवी, बेटी अंजलि कुमारी और एक वर्षीय नाती सौरभ नायक की जान चली गई। मृतकों में कसीला देवी, मान्दू देवी, अंजली कुमारी, पाको देवी, तूती कुमारी, गोलू कुमार और मासूम सौरभ भी शामिल हैं। वहीं, घायलों को तत्काल इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल और तोरपा सीएचसी भेजा गया है।

अंधेरा होने के कारण ड्राइवर को नहीं नजर आए लोग

हादसे की सूचना मिलते ही खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग देर रात अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। घटना की जानकारी देते हुए एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा कि यह बेहद दुखद और हृदय विदारक घटना है। कर्रा थाना क्षेत्र के रेलवे फाटक के पास स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होने पर लोग मदद के लिए पहुंचे थे। वहां तीखा मोड़ और अंधेरा होने के कारण 18 चक्का वाहन चालक को लोग नजर नहीं आए और यह बड़ा हादसा हो गया। अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि घायल बच्ची खतरे से बाहर है।

दुर्घटना के बाद फरार हो गए ड्राइवर और खलासी

हादसे के बाद चालक और खलासी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। ​घटना के बाद पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई हैं। इससे पहले हाल में झारखंड की कोयला खदान में कोयले का ढेर ढहने से 3 लोगों की मौत हो गई थी।

(इनपुट- सोनू अंसारी)

ये भी पढ़ें- झारखंड के जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडे की बेटी समेत 4 युवाओं की मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।