झारखंड के बोकारो जिले में स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) की कथारा कोयला खदान में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। खदान में कोयले का ढेर अचानक ढहने से छह लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि कथारा कोयला खदान में कोयले का ढेर ढहने से छह लोग घायल हुए थे। इनमें से तीन ने इलाज के दौरान चोटों के कारण दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि घटना कथारा पुलिस चौकी के अधिकार क्षेत्र में हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, मृतकों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है।
NTPC के तीन अधिकारियों समेत छह लोगों को बनाया बंधक
एक अन्य खबर में झारखंड के लातेहार जिले में बुधवार को एनटीपीसी (NTPC) की सर्वे टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्राम सभा की अनुमति के बिना ड्रोन से जमीन का सर्वे किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने कंपनी के तीन अधिकारियों समेत छह लोगों को करीब सात घंटे तक बंधक बनाए रखा। बाद में पुलिस ने बातचीत के जरिए सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार, घटना बालूमठ थाना क्षेत्र के गेरेनजा-हराफू गांव की है। एनटीपीसी की टीम कोयला ब्लॉक के लिए आवंटित जमीन का सर्वे करने पहुंची थी। टीम में कंपनी के महाप्रबंधक आनंद अग्रवाल, दो सहायक महाप्रबंधक और तीन ड्रोन संचालक शामिल थे। बताया गया कि सर्वे के दौरान ग्रामीणों ने कथित तौर पर गुलेल से एक ड्रोन को गिरा दिया और उसे अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने महाप्रबंधक की गाड़ी को घेर लिया और बिना ग्राम सभा की मंजूरी के सर्वे किए जाने पर विरोध जताया।
बालूमठ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने बताया कि एनटीपीसी की टीम सुबह करीब 9.0 बजे गांव पहुंची थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत शुरू की। करीब 7 घंटे की मशक्कत के बाद शाम 4.0 बजे सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों ने बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। कंपनी की ओर से लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने टीम को छोड़ने पर सहमति जताई। आश्वासन में कहा गया कि ग्राम सभा की अनुमति के बिना इलाके में कोई काम नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़ें-
हाथरस में बड़ा हदसा, घर में आग लगने से बुजुर्ग पति-पत्नी की जिंदा जलकर मौत
अचानक आया तूफान, देखते ही देखते उड़ीं घरों की छतें; आसमान में दिखा बवंडर, देखें VIDEO