1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. 'तुम गरीब हो, बेटी बेच दो', बोकारो अस्पताल में नवजात को 2 लाख में खरीदने का ऑफर! VIDEO वायरल होने के बाद हड़कंप

'तुम गरीब हो, बेटी बेच दो', बोकारो अस्पताल में नवजात को 2 लाख में खरीदने का ऑफर! VIDEO वायरल होने के बाद हड़कंप

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Nov 02, 2026 06:35 pm IST,  Updated : Nov 02, 2026 08:11 pm IST

बोकारो जनरल हॉस्पिटल के स्टाफ पर नॉर्मल डिलीवरी के नाम पर 40 हजार रुपये मांगने और नवजात बच्ची को 2 लाख रुपये में बेचने का ऑफर देने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले की जांच शुरू की गई है।

बोकारो जनरल हॉस्पिटल...- India TV Hindi
बोकारो जनरल हॉस्पिटल गंभीर आरोपों के चलते सुर्खियों में आ गया है। Image Source : REPORTER INPUT

झारखंड का बोकारो जनरल हॉस्पिटल (BGH) एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह मानवता को शर्मसार करने वाली है। सर्कस मैदान निवासी मनोज कुमार ने अस्पताल के स्टाफ पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। मनोज की पत्नी सोनी कुमारी 29 अक्टूबर से BGH में भर्ती है। उसी दिन शाम 5 बजे नॉर्मल डिलीवरी से बेटी हुई। इसके बाद अस्पताल के स्टाफ पर डिलीवरी के नाम पर 40 हजार रुपये मांगने और नवजात बच्ची को 2 लाख रुपये में बेचने का ऑफर देने का गंभीर आरोप लगा है।

गरीब दंपति की बेटी को 2 लाख में खरीदने का ऑफर

मनोज कुमार ने अस्पताल के एक सफाई कर्मचारी और तीन नर्सों पर उसकी नवजात बच्ची को 2 लाख रुपये में बेचने का ऑफर देने का आरोप लगाया है। उसके अनुसार, दंपति की पहले से दो बेटियां हैं। तीसरी बेटी के जन्म के बाद बच्ची के भरण-पोषण का हवाला देकर उसे बेचने की बात कही गई। मनोज कुमार ने आरोप लगाया कि एक सफाई कर्मचारी और 3 नर्सों ने कहा- ''तुम गरीब हो, लड़की को नहीं पाल पाओगे, 2 लाख में बच्चा बेच दो। जब मैंने मना किया तो मेरी पत्नी से मिलने भी नहीं दिया जा रहा।'' 

इस संबंध में एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें नवजात के माता-पिता और एक सफाई कर्मचारी के बीच बातचीत होने की बात की जा रही है। इसमें नवजात के सौदे की बात हो रही है। 

वायरल वीडियो और पति के दावे के बाद जांच तेज

वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ने लगा, जिसके बाद चास एसडीएम के निर्देश पर सेक्टर-4 थाना पुलिस बोकारो जनरल अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। वहीं, थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही पुलिस जांच के लिए अस्पताल पहुंची। फिलहाल जांच के दौरान ऐसी कोई स्पष्ट बात सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है।

पुलिस जांच के बाद सामने आएगा सच

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि वायरल वीडियो में दिख रही बातचीत के पीछे की सच्चाई क्या है? क्या वाकई नवजात बच्चे के लेन-देन की कोई कोशिश हुई थी या मामला कुछ और है? इन तमाम सवालों का जवाब पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएगा। अब सबकी नजर पुलिस की जांच और उसके निष्कर्ष पर टिकी है।

17 साल की नाबालिग मां के नवजात को बेचने का आरोप

महाराष्ट्र के नालासोपारा में 17 साल की नाबालिग मां के नवजात को बेचने का मामला सामने आया था। पुलिस जांच में सामने आया कि नाबालिग की मां और पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने मिलकर नवजात बच्चे को विरार में रहने वाले एक दंपति को बेच दिया। 

(रिपोर्ट- मृत्युंजय)

यह भी पढ़ें-

अस्पताल में नवजात बच्ची की गला घोंटकर हत्या, अशोकनगर पुलिस को परिवार पर शक

हरियाणा: पेड़ पर काली थैली में लटका मिला नवजात बच्चा, गंभीर हालत में रोहतक PGI रेफर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।