1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. अस्पताल में नवजात बच्ची की गला घोंटकर हत्या, अशोकनगर पुलिस को परिवार पर शक

अस्पताल में नवजात बच्ची की गला घोंटकर हत्या, अशोकनगर पुलिस को परिवार पर शक

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Oct 04, 2026 06:12 pm IST,  Updated : Oct 04, 2026 06:12 pm IST

मध्य प्रदेश के अशोकनगर में एक अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में एक नवजात बच्ची की गला घोंटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।

Newborn girl strangled at hospital- India TV Hindi
प्रतिनिधानात्मक तस्वीर Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश के अशोकनगर में एक अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में एक नवजात बच्ची की गला घोंटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि पुलिस को शक है कि इसमें बच्ची की मां या दादी का हाथ हो सकता है। चंदेरी इलाके के सकरा गांव के एक संयुक्त परिवार की तीसरी बेटी इस बच्ची का जन्म शुक्रवार रात करीब 11:50 बजे हुआ था और इसके तुरंत बाद उसे SNCU में भर्ती कराया गया था। कोतवाली पुलिस स्टेशन के इंचार्ज रविप्रताप सिंह चौहान ने PTI को फोन पर बताया कि शनिवार दोपहर 3 से 4 बजे के बीच वह मृत पाई गई। हाल ही में सीहोर जिला अस्पताल में एक नवजात बच्ची का शव चार दिनों तक पड़ा रहा, जिसके बाद पुलिस वहां पहुंचीं।

परिवार ने नवजात बच्ची की हत्या

जांच करने वालों के अनुसार बच्ची की मां और दादी SNCU में मौजूद थीं। रविप्रताप सिंह चौहान ने कहा, 'हम मौत की जांच कर रहे हैं और हमें पक्का शक है कि गला घोंटने में बच्ची की मां या दादी में से किसी एक का हाथ था। शक की सुई ज्यादातर मां की ओर घूम रही है।' वह बच्ची अपने माता-पिता की दूसरी बेटी थी। उसके पिता के बड़े भाई की पहली पत्नी से एक बेटी है, लेकिन दूसरी पत्नी से कोई बच्चा नहीं है। अधिकारी ने बताया कि मरने वाली बच्ची परिवार में तीसरी बेटी थी।

नवजात बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिला सुराग

सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर को बच्ची की गर्दन के आसपास निशान मिले, जिससे गला घोंटे जाने का संकेत मिलता है। साथ ही यह भी बताया गया कि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। उन्होंने बताया कि SNCU के अंदर कोई CCTV कैमरा नहीं था, इसलिए घटना का कोई फुटेज उपलब्ध नहीं है। पुलिस गला घोंटे जाने की वजह की जांच कर रही है।

जांच अधिकारी ने कहा, 'इस बात की बहुत ज्यादा संभावना है कि परिवार ने बच्ची से छुटकारा पाने के लिए उसकी हत्या कर दी, क्योंकि वह परिवार में तीसरी लड़की थी। हम दोषी की पहचान करने के लिए बयान दर्ज कर रहे हैं और सबूत इकट्ठा कर रहे हैं।'

देश भर में शिशु हत्या मामले

एक रिपोर्ट के अनुसार 2023 में देश भर में शिशु हत्या के 67 मामले सामने आए, जिनमें से 12 मामले मध्य प्रदेश में दर्ज किए गए। इस तरह हरियाणा के बाद यह राज्य दूसरे स्थान पर रहा। रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में भ्रूण हत्या के 20 मामले दर्ज हुए, जबकि देशभर में ऐसे 88 मामले सामने आए। इस मामले में राज्य छत्तीसगढ़ के बाद दूसरे स्थान पर रहा। वहीं नवजात शिशुओं को लावारिस छोड़ने के 140 मामले दर्ज किए गए। देशभर में ऐसे 653 मामले सामने आए, जो राज्यों में सबसे ज्यादा हैं।

ये भी पढ़ें - नवजात बच्ची ICU में थी, माता-पिता बंधुआ मजदूरी कर रहे थे, 4 दिन अस्पताल में पड़ा रहा शव फिर पहुंची पुलिस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।