1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में थोड़ा खिसकने को लेकर थप्पड़कांड, अपने ही नेता पर पिस्तौल भी तानी; VIDEO वायरल

सपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में थोड़ा खिसकने को लेकर थप्पड़कांड, अपने ही नेता पर पिस्तौल भी तानी; VIDEO वायरल

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Oct 04, 2026 04:06 pm IST,  Updated : Oct 04, 2026 05:15 pm IST

गोरखपुर से सपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस से थप्पड़कांड का वीडियो सामने आया है। विवाद की वजह खोजी गई तो पता चला कि सिर्फ थोड़ा किनारे खिसकने को लेकर पूरा झगड़ा हुआ। इस मामले में समाजवादी पार्टी ने एक्शन भी ले लिया है।

Gorakhpur SP clash- India TV Hindi
सपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोरखपुर में थप्पड़कांड। Image Source : REPORTERS INPUT

यूपी के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुर्सी और थोड़ा खिसकने को लेकर थप्पड़ चल गए। अब इस मामले में समाजवादी पार्टी ने एक्शन लेते हुए अंशुमान सिंह को अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया है। दरअसल, बीते शनिवार को समाजवादी पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुर्सी को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद पार्टी के नेता आपस में ही भिड़ गए। हाथापाई और थप्पड़बाजी तक हो गई।

अपने ही नेता पर तान दी पिस्तौल

बता दें कि सपा नेता अंशुमान सिंह के बेटे पर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी को थप्पड़ मारने का आरोप है। नगीना साहनी ने इस मामले में अंशुमान सिंह के खिलाफ FIR भी दर्ज कराई है। दरअसल, गोरखपुर प्रेस क्लब में समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष बृजेश गौतम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे, इसी दौरान एसपी नेता अंशुमान सिंह पहुंचे। फिर, उनके समर्थकों और नगीना साहनी के बीच कुर्सी को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद पहले तो दोनों पक्षों में बहस हुई। इसी दौरान हाथापाई होने लगी। नगीना साहनी का आरोप है कि अंशुमान सिंह और उनके लड़के ने उनके साथ मारपीट की और इस दौरान अवैध पिस्तौल दिखाकर उन्हें मारने की धमकी भी दी गई।

गोरखपुर की जिला कार्यकारिणी सपा ने की भंग

इसको लेकर समाजवादी पार्टी ने एक लेटर X पर पोस्ट किया, जिसमें लिखा है कि अखिलेश यादव की अनुमति से समाजवादी पार्टी गोरखपुर के जिलाध्यक्ष सहित जिला कार्यकारिणी, महानगर अध्यक्ष समेत महानगर कार्यकारिणी, फ्रंटल संगठनों के सभी जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष कार्यकारिणी के पदाधिकारी और गोरखपुर की समाजवादी पार्टी की राज्य कार्यकारिणी के सभी तत्काल प्रभाव से भंग किए जाते हैं।

'लोकतंत्र बचाओ सप्ताह' की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुई मारपीट

गौरतलब है कि शनिवार दोपहर करीब 2 बजे प्रेस क्लब में ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू होने के करीब 10 मिनट बाद ग्रामीण विधानसभा सीट से 2027 के चुनाव में टिकट की दावेदारी कर रहे अंशुमान सिंह अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। करीब दो मिनट बाद यानी 2:12 बजे अंशुमान सिंह अपने बैठने की जगह तलाशने लगे। लेकिन ज्यादातर कुर्सियां भरी हुई थीं। सामने की तरफ सपा के पदाधिकारी एक साथ बैठे थे।

थोड़ा किनारे खिसकने को लेकर हुआ झगड़ा

फिर, अंशुमान सिंह ने उसी तरफ बैठने की इच्छा जताई और एक कुर्सी मंगवाई। अंशुमान सिंह की ओर से नगीना साहनी से थोड़ा किनारे खिसकने के लिए कहा गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज तक पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई की स्थिति बन गई। अंशुमान सिंह के बेटे कमलेश सिंह ने नगीना साहनी की ओर हाथ उठाया। घटना का वीडियो सभागार में मौजूद कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। इसके बाद विवाद और बढ़ गया। करीब 10 से 15 मिनट तक हंगामा होता रहा। सपा नेताओं के साथ पुलिसकर्मियों को भी बीच-बचाव के लिए आना पड़ा। इससे पहले, अखिलेश यादव के जवाब नहीं देने पर ओवैसी भड़क गए थे और कहा था कि पांडवों की तरह सिर्फ 5 गांव मांगे थे, लेकन अब महाभारत तय है।

(इनपुट- राज श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- "बात सीट की नहीं जीत की है", गठबंधन पर सहयोगियों को अखिलेश की दो टूक

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।