शाहरुख खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'किंग' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं, जो इस साल के आखिरी में सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी। ये पहली बार है जब बड़े पर्दे पर सुहाना अपने सुपरस्टार पापा यानी शाहरुख खान के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी। इस बीच आज, 2 नवंबर को शाहरुख खान ने अपना 61वां जन्मदिन मनाया। बर्थडे पर किंग खान को हर तरफ से बधाईयां मिल रही हैं और बधाई देने वालों में अब करीना कपूर का नाम भी शामिल हो गया है। बेबो ने एक बेहद खास पोस्ट के साथ शाहरुख खान को बर्थडे विश किया, जिसने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। इस पोस्ट के सामने आने के बाद अब सोशल मीडिया यूजर इस सोच में डूब गए हैं कि क्या करीना भी शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म 'किंग' का हिस्सा होंगी?
करीना के पोस्ट ने बढ़ाई फैंस की उत्सुकता
करीना कपूर ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर करते हुए शाहरुख खान को बर्थडे विश किया है। इस मोनोक्रोम फोटो में शाहरुख के साथ करीना नजर आ रही हैं और इसे शेयर करते हुए करीना ने बड़ा संकेत दिया है। इस फोटो में भले ही ज्यादा कुछ साफ नहीं दिख रहा, लेकिन इसने इंटरनेट पर खलबली जरूर मचा दी है। करीना और शाहरुख खान पहले भी 'कभी खुशी कभी गम', 'रा.वन' और 'अशोका' जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं और 'डॉन' फिल्म के एक खास गाने में भी साथ नजर आए थे।
करीना कपूर ने 'किंग' से शाहरुख खान के साथ एक झलक साझा की
करीना कपूर ने इंस्टाग्राम पर एक मोनोक्रोम (ब्लैक एंड व्हाइट) फोटो शेयर की है, जिसमें वह और शाहरुख खान नजर आ रहे हैं। इस फोटो को देखकर लग रहा है जैसे कि ये 'किंग' फिल्म के किसी गाने की झलक है। तस्वीर में करीना-शाहरुख एक-दूसरे के सामने खड़े हैं और बैकग्राउंड में ड्रामैटिक लाइटिंग देखी जा सकती है। इसे देखकर ऐसा लग रहा है जैसे दोनों कोई डांस सीक्वेंस शुरू करने वाले हों। करीना ने कैप्शन के जरिए जरूर 'किंग' का हिस्सा होने की ओर इशारा किया है। इस पोस्ट को शेयर करते हुए करीना ने लिखा, 'हैप्पी बर्थडे किंग, इस साम्राज्य के सदाबहार शासक! चलिए साथ में डांस करते हैं... इंतजार नहीं हो रहा!24-12-26।'
गौरी खान, करिश्मा कपूर के कमेंट ने बढ़ाया सस्पेंस
करीना के इस पोस्ट पर गौरी खान से लेकर करिश्मा कपूर के कमेंट ने और भी सस्पेंस बढ़ा दिया है। गौरी खान ने कमेंट करते हुए लिखा, 'यह बहुत जबरदस्त होने वाला है।' वहीं करीना की बहन और अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने लिखा, 'और इंतजार नहीं हो रहा।' एक यूजर ने कमेंट करते हुए पूछा, 'बेबो, गाना कब आएगा?' और एक अन्य ने लिखा- 'ओह माय गॉड, अब और इंतजार नहीं हो रहा, आप दोनों को एक साथ स्क्रीन पर देखने का बेसब्री से इंतजार है'।
शाहरुख खान के जन्मदिन पर जारी हुआ 'किंग' का पहला गाना
शाहरुख खान के जन्मदिन के मौके पर, यानी आज 2 नवंबर को पर 'किंग' का पहला गाना रिलीज किया गया। इस गाने में 'किंग' की दुनिया की एक झलक देखने को मिलती है। गाने की शुरुआतशाहरुख खान के डायलॉग- 'मैं कातिल नहीं, आशिक हूं, और निशाना मेरी माशूका है; और वो आशिक ही क्या जो दिल चीर न दे।' से होती है, जिसके बाद दीपिका पादुकोण की झलक दिखाई देती है। इस गाने को अरिजीत सिंह, ग्लोबल पॉप स्टार एड शीरन और मधुबंती बागची ने अपनी आवाज दी है।
'किंग' की रिलीज डेट और कास्ट डिटेल
'किंग' का निर्देशन और सह-निर्माण सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं, जिन्होंने शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'पठान' का भी निर्देशन किया था। यह फिल्म 24 दिसंबर, 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज होने वाली है और बॉक्स ऑफिस पर इसका सामना मार्वल स्टूडियोज की 'एवेंजर्स डूम्सडे' से होगी, जो दुनियाभर में 17 दिसंबर को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी लाडली सुहाना खान भी नजर आएंगी, जिन्होंने 2023 में नेटफ्लिक्स की 'द आर्चीज' से अपना एक्टिंग डेब्यू किया था। शाहरुख और सुहाना के साथ रानी मुखर्जी, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, राघव जुयाल और अभय वर्मा भी इस फिल्म का हिस्सा हैं।