1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. अर्जुन कपूर भी बनेंगे दूल्हा? बहन अंशुला की प्री-वेडिंग सेरेमनी में मिला शुभ संकेत, खुशी से झूम उठे एक्टर

अर्जुन कपूर भी बनेंगे दूल्हा? बहन अंशुला की प्री-वेडिंग सेरेमनी में मिला शुभ संकेत, खुशी से झूम उठे एक्टर

अंशुला कपूर ने अपनी चूड़ा सेरेमनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें अंशुला अपने अनमैरिड दोस्तों और बहन-भाई पर कलीरे गिराती नजर आ रही हैं। वीडियो में अर्जुन कपूर के ऊपर भी कलीरे गिरते देखा जा सकता है, जिसे देखकर फैंस ये कयास लगाने लगे हैं कि क्या अब उनकी शादी की बारी है।

anshula kapoor- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@ANSHULAKAPOOR अर्जुन कपूर के ऊपर गिरा कलीरा।

फिल्म निर्माता बोनी कपूर की बेटी और अभिनेता अर्जुन कपूर की बहन अंशुला कपूर अब शादी के बंधन में बंधने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अंशुला आज यानी 6 जुलाई को मंगेतर रोहन ठक्कर के साथ सात फेरे लेंगी। हाल ही में उनकी मेहंदी और चूड़ा सेरेमनी हुई और इस जश्न की कई तस्वीरें खुद अंशुला ने सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। अब अंशुला ने इंस्टाग्राम पर एक और वीडियो साझा किया है, जिसमें वह चूड़ा सेरेमनी के दौरान अपने कलीरे गिराती नजर आ रही हैं, जिसमें अर्जुन कपूर पर भी कलीरा गिरते नजर आ रहा है। जैसे ही कलीरा अर्जुन कपूर के ऊपर गिरता है, वह बेहद खुश हो जाते हैं। उनके चेहरे की मुस्कुराहट देखने के बाद अब फैंस भी मजाक-मजाक में अंदाजा लगा रहे हैं कि क्या अर्जुन भी जल्दी ही शादी करने वाले हैं।

अर्जुन कपूर के ऊपर गिरा कलीरा

बता दें, रस्म के दौरान कलीरा टूटकर अगर किसी के ऊपर गिरता है तो इसे इस बात का संकेत माना जाता है कि अब उस व्यक्ति की शादी होने वाली है। वहीं अंशुला कपूर ने इंस्टाग्राम पर जो वीडियो शेयर किया, उसमें वह अपनी बहन खुशी कपूर, ओरी, और भाई अर्जुन कपूर सहित अन्य लोगों के ऊपर कलीरे पहने अपनी कलाइयां हिलाती नजर आ रही हैं और अर्जुन कपूर के ऊपर ये कलीरा आ गिरता है, जिसे देखकर सब हंस पड़े और एक्टर भी खुश हो गए। इसके बाद वह अपने आस-पास मौजूद लोगों को कलीरा दिखाते नजर आए।

वीडियो पर फैंस का रिएक्शन

अंशुला कपूर ने ये वीडियो साझा करते हुए लिखा- 'जब कलीरा आपके भाई पर गिरता है और वो सबसे ज्यादा खुश होता है।' वहीं कैप्शन में उन्होंने लिखा- 'कलीरा के चुने जाने पर मैंने कभी किसी को इतना खुश नहीं देखा। उन पर जो कलीरा गिरा, उस पर स्माइल लिखा था।' वीडियो पर अब सोशल मीडिया यूजर भी खूब प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक ने कमेंट में लिखा- 'अब उनकी भी शादी करवा दो अंशुला।' एक ने लिखा- 'अर्जुन इंतजार कर रहे थे कि कलीरा उन पर गिरे।' वहीं धर्मा प्रोडक्शन्स की ओर से किए गए कमेंट में लिखा है- 'एक प्रेम कहानी शुरू होने वाली है।' ऐसे ही कमेंट्स के जरिए कई फैंस और सेलेब्स ने इस वीडियो पर प्रतिक्रिया दी है।

अंशुला और रोहन के बारे में

अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर की बात करें तो दोनों ने जुलाई 2025 में सगाई की थी। इससे पहले कपल ने न्यू ईयर के मौके पर रोमांटिक प्रपोजल फोटोज साझा करते हुए फैंस को अपने रिलेशनशिप की जानकारी दी थी। अंशुला ने खुलासा किया था कि रोहन से उनकी मुलाकात एक ऑनलाइन डेटिंग साइट के जरिए हुई थी और 2022 में इनके रिलेशनशिप की शुरुआत हुई थी। 3 साल एक-दूसरे को डेट करने के बाद 2025 में दोनों ने सगाई की और अब 6 जुलाई को दोनों शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः अंशुला कपूर के हाथों में बंधे कलीरे, चूड़ा सेरेमनी में हुईं भावुक, भाई अर्जुन कपूर के गले लगते ही निकले आंसू

अंशुला कपूर-रोहन ठक्कर ने परिवार संग की माता की पूजा, कपूर खानदान ने ढोल पर लगाए ठुमके, अर्जुन के डांस ने लूटी महफिल

Latest Bollywood News