A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. आशा भोसले के निधन से बिखरीं पोती जनाई, 'पार्टनर इन क्राइम' को खोने पर खोलकर रख दिया दिल, बोलीं- 'इससे बड़ा दर्द कोई नहीं'

आशा भोसले के निधन से बिखरीं पोती जनाई, 'पार्टनर इन क्राइम' को खोने पर खोलकर रख दिया दिल, बोलीं- 'इससे बड़ा दर्द कोई नहीं'

आशा भोसले के निधन से उनकी पोती जनाई बुरी तरह टूट गई हैं। जनाई ने एक पोस्ट शेयर करते हुए अपनी 'पार्टनर इन क्राइम' को खोने का दर्द बयां करते हुए बताया कि कैसे वह हर दिन की सुबह अपनी दादी के साथ चाय पीते हुए शुरू करती थीं।

zanai bhosle- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@ZANAIBHOSLE आशा भोसले, जनाई भोसले

दिग्गज गायिका आशा भोसले का 12 अप्रैल को निधन हो गया और कल यानी 13 अप्रैल को उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन से पूरा देश शोक में डूबा है। विक्की कौशल, रणवीर सिंह से लेकर आमिर खान तक, फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे आशा भोसले के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। आशा भोसले के निधन से उनकी पोती जनाई भोसले भी बुरी तरह टूट गई हैं। दिग्गज गायिका की आखिरी यात्रा के दौरान भी जनाई फूट-फूटकर रोती नजर आई थीं और अब उन्होंने अपनी दादी के साथ एक वीडियो शेयर करते हुए अपना दर्द बयां किया है। इसी पोस्ट में जनाई ने उस वादे का भी जिक्र किया है, जो उनकी दादी यानी आशा भोसले ने उनसे किया था।

दादी आशा भोसले के निधन से टूटीं जनाई

दादी आशा भोसले के निधन के बाद जनाई ने एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपनी 'पार्टनर इन क्राइम' को खोने का दर्द बयां किया और उनके जाने के बाद जिंदगी में आए सूनेपन के बारे में भी बताया है। जनाई ने आशा भोसले के साथ एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें आशा भोसले 'दिल चीज क्या है आप मेरी जान लीजिए' गाना गाती नजर आ रही हैं और जनाई हंसती हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो से पता चलता है कि जनाई इस गाने पर एक्ट करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन जैसे ही वह गाने पर एक्ट करने की कोशिश करती हैं उनकी हंसी छूट जाती है  और ये देखकर आशा भोसले भी हंसने लगती हैं।

जनाई का पोस्ट

जनाई ने अपने पोस्ट में लिखा- 'जब आज सुबह उठी तो एहसास हुआ कि मैंने अपनी पार्टनर इन क्राइम, मेरी बेस्टफ्रेंड और उस व्यक्ति को खो दिया है, जिन्होंने मेरी दुनिया को पूरा किया। मेरे जन्म के समय मुझे गोद में लेने वाली वह पहली व्यक्ति थीं। अब मैं क्या करूं? सुबह उठकर किसे गले लगाऊं और किसके साथ चाय पीऊं? अब घर पर मेरा इंतजार कौन करेगा? मैं किसे फालतू जोक्स सुनाईंगी? ये तो बस कुछ ही चीजें हैं, जिन्हें याद किया जा सकता है, लेकिन जिन भी लोगों ने मेरे दर्द का एहसास किया, याद रखें वह जिंदगी और हंसी की साक्षात मूर्ति थीं और इसीलिए अगर आप उन्हें याद करें तो इसी रूप में याद करें।'

मैंने अपनी जिंदगी के प्यार को खो दिया- जनाई

जनाई आगे लिखती हैं- 'अब वो हम सबको, खासतौर पर अपने परिवार को ऊपर से देख रही हैं और मुझे यकीन है कि वह बहुत जल्दी हमारे बीच वापस आएंगी। उन्होंने मुझसे यही वादा किया था और हमेशा यही कहती थीं!! मैंने अपनी जिंदगी का प्यार खो दिया है और दुनिया में इससे बड़ा कोई दुख नहीं है, इसलिए मैं आप सभी से विनती करती हूं कि जीवन को पूरी तरह से जिएं और उन्हें उसी तरह सेलिब्रेट करें और याद करें जैसी वह थीं आशाई, आई लव यू और अभी के लिए अलविदा.. मुझे पता है कि आप हमेशा मेरे साथ रहेंगी, चाहे कुछ भी हो जाए। बस आपके वापस आने और फिर से गले लगने का इंतजार कर रही हूं। ये वीडियो हमारे बीच हर इवेंट में होने वाले एक पर्सनल जोक में से एक है।'

जनाई के पोस्ट पर सेलेब्स के रिएक्शन

जनाई भोसले के पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स के साथ-साथ कई सेलेब्स ने भी रिएक्शन दिया है। शालिनी पासी से लेकर साई मांजरेकर, नायरा बनर्जी, जारा खान सहित कई सेलेब्स ने रिएक्शन देते हुए आशा भोसले के निधन पर दुख जाहिर किया है। वहीं कई सोशल मीडिया यूजर्स ने भी जनाई के पोस्ट पर कमेंट करते हुए दुख जाहिर किया। बता दें, 12 अप्रैल को आशा भोसले का मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के चलते निधन हो गया था। उन्हें 11 अप्रैल को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ती चली गई और 12 अप्रैल को उन्होंने हमेशा के लिए इस दुनिया को अलविदा कह दिया।

ये भी पढ़ेंः मौत के 6 महीने बाद रिलीज होगी दिग्गज एक्टर की फिल्म, अक्षय कुमार संग 'भूत बंगला' में आएंगे नजर, इनमें साथ किया काम
आशा भोसले से क्या है श्रद्धा कपूर का रिश्ता? ताई को आजी कहती थीं एक्ट्रेस, तस्वीरों में झलकता है बेशुमार प्यार

Latest Bollywood News