1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'आवारापन 2' के सिर सजा बॉक्स ऑफिस का ताज, पीछे छूटी 'बंटवारा 1947', पहले दिन ही इमरान हाशमी की फिल्म ने की 4 गुना कमाई

'आवारापन 2' के सिर सजा बॉक्स ऑफिस का ताज, पीछे छूटी 'बंटवारा 1947', पहले दिन ही इमरान हाशमी की फिल्म ने की 4 गुना कमाई

'आवारापन 2' ने एडवांस बुकिंग और ऑक्यूपेंसी में बाजी मारते हुए पहले दिन शानदार बढ़त बनाई, जबकि सनी देओल की 'बंटवारा 1947' को बॉक्स ऑफिस पर सुस्त शुरुआत मिली।

batwara 1947 awarapan 2- India TV Hindi
Image Source : IAMSUNNYDEOL, THEREALEMRAAN/INSTAGRAM सनी देओल और इमरान हाशमी।

स्वतंत्रता दिवस के पहले पर बॉक्स ऑफिस पर दो बड़ी फिल्मों इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' और सनी देओल की 'बंटवारा 1947'के बीच हुआ मुकाबला अब पूरी तरह से एकतरफा नजर आ रहा है। 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इन दोनों फिल्मों में से दर्शक इमरान हाशमी के 'शिवम पंडित' वाले कल्ट अवतार को देखने में ज्यादा रुचि दिखा रहे हैं। 2007 की मूल फिल्म की पुरानी यादों के सहारे 'आवारापन 2' ने शुरुआत से ही बढ़त बना ली, जबकि बंटवारे की त्रासदी पर आधारित सनी देओल की फिल्म को सुबह के शो में काफी कम दर्शक मिले।

एडवांस बुकिंग और पहले दिन का कलेक्शन

बॉक्स ऑफिस पर शुरुआती आंकड़ों से ही दोनों फिल्मों के बीच का बड़ा अंतर साफ नजर आने लगा था। फिल्म ट्रैकर्स के अनुसार, 'आवारापन 2' ने रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग में ₹11 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली थी। ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर इसकी पहले दिन की प्री-बुकिंग लगभग ₹11.36 करोड़ तक पहुंच गई थी। इसके विपरीत 'बंटवारा 1947' की एडवांस बुकिंग केवल ₹4 करोड़ के आसपास ही सिमट कर रह गई। रिलीज के दिन आंकड़ों के मुताबिक, 'आवारापन 2' देश भर में 9,033 शो पर चल रही है और उसने ₹25 करोड़ का नेट कलेक्शन (भारत में ₹ 21 करोड़ ग्रॉस) दर्ज किया है। वहीं, 8,721 शो में चल रही 'बंटवारा 1947' ने केवल ₹6.84 करोड़ नेट (₹5.75 करोड़ ग्रॉस) का ही कारोबार कर सकी।

ऑनलाइन टिकट बुकिंग में बनाया नया रिकॉर्ड

'आवारापन 2' के लिए दर्शकों की दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ऑनलाइन टिकेटिंग प्लेटफॉर्म 'बुकमायशो' (BookMyShow) पर इसके 2.89 लाख से ज्यादा टिकट बिके। रिलीज से ठीक एक दिन पहले यानी 13 अगस्त को फिल्म के टिकटों की बिक्री में अचानक उछाल आया और अकेले उसी दिन 1.81 लाख से अधिक टिकट बुक हुए। इस रिकॉर्ड बिक्री के साथ 'आवारापन 2' वर्ष 2026 की सबसे बड़ी प्री-सेल्स वाली फिल्मों की सूची में तीसरे स्थान पर आ गई है। इस सूची में 'धुरंधर 2' और 'बॉर्डर 2' के बाद इसी फिल्म का नाम है। इसने सलमान खान की 'सिकंदर' और रणवीर सिंह की 'धुरंधर' जैसी बड़ी फिल्मों के एडवांस बुकिंग आंकड़ों को भी पीछे छोड़ दिया है। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि शाम और रात के शो के बाद 'आवारापन 2' का पहले दिन का नेट कलेक्शन ₹20 करोड़ के आंकड़े को छू सकता है।

2007 का कल्ट स्टेटस और 'शिवम पंडित' से दर्शकों का जुड़ाव

'आवारापन 2' को मिली इस शानदार शुरुआत के पीछे सबसे बड़ी वजह 2007 में आई इसकी पहली फिल्म से जुड़ी पुरानी यादें हैं। हालाँकि 2007 में रिलीज़ हुई 'आवारापन' बॉक्स ऑफिस पर बहुत बड़ी व्यावसायिक सफलता नहीं बन सकी थी, लेकिन समय के साथ इसके संगीत, दिल छू लेने वाली कहानी और इमरान हाशमी द्वारा निभाए गए 'शिवम' के भावुक किरदार ने इसे एक कल्ट क्लासिक का दर्जा दिला दिया। अब लगभग दो दशकों के लंबे इंतजार के बाद इमरान हाशमी एक बार फिर दिशा पटानी के साथ बड़े पर्दे पर लौटे हैं, जिससे उनके फैंस का उत्साह चरम पर है।

'बंटवारा 1947' की धीमी शुरुआत और कहानी का ताना-बाना

दूसरी ओर, राजकुमार संतोषी के निर्देशन और आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि वाली फिल्म 'बंटवारा 1947' को काफी सुस्त प्रतिक्रिया मिली है। सुबह के शो में इसकी ऑक्यूपेंसी (दर्शकों की उपस्थिति) केवल 5 प्रतिशत के आसपास रही, जबकि 'आवारापन 2' ने 25 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ शुरुआत की थी।  सनी देओल, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल और करण देओल जैसे सितारों से सजी यह फिल्म असगर वजाहत के प्रसिद्ध नाटक 'जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जम्या ही नई' पर आधारित है। फिल्म में 1947 के विभाजन के दौरान विस्थापन, सांप्रदायिक तनाव और मानवीय पीड़ा को दर्शाया गया है। कहानी एक ऐसे मुस्लिम परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है जो लाहौर में एक हिंदू परिवार के छोड़े गए मकान में रहने जाता है, लेकिन वहां उन्हें एक बुजुर्ग हिंदू महिला पहले से मौजूद मिलती है। 'घायल' और 'दामिनी' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दे चुकी सनी देओल और राजकुमार संतोषी की जोड़ी का यह री-यूनियन फिलहाल दर्शकों को खींचने में नाकाम रहा है, हालांकि आने वाले वीकेंड और स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी से मेकर्स को उम्मीदें बनी हुई हैं।

ये भी पढ़ें:  Awarapan 2 Vs Batwara 1947 Release Live Update: 'शिवम पंडित' की वापसी या सनी देओल का एक्शन? जानिए पहले दिन किसका पलड़ा भारी

Latest Bollywood News