1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Awarapan 2 Vs Batwara 1947 Release Live Update: 'शिवम पंडित' की वापसी या सनी देओल का एक्शन? जानिए पहले दिन किसका पलड़ा भारी
  Live Now

Awarapan 2 Vs Batwara 1947 Release Live Update: 'शिवम पंडित' की वापसी या सनी देओल का एक्शन? जानिए पहले दिन किसका पलड़ा भारी

 Written By: Jaya Dwivedie
 Updated : Aug 14, 2026 01:04 pm IST

स्वतंत्रता दिवस पर 'आवारापन 2' और 'बंटवारा 1947' के बीच बॉक्स ऑफिस पर कड़ा मुकाबला जारी है। ₹8 करोड़ से अधिक की शानदार एडवांस बुकिंग के साथ इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' सनी देओल की फिल्म पर भारी पड़ती दिख रही है।

Awarapan Vs Batwara 1947- India TV Hindi
इमरान हाशमी और सनी देओल। Image Source : IMDB

इस स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सिनेमाघरों में दो बहुप्रतीक्षित फिल्मों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिल रही है। 14 अगस्त को रिलीज हुई इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' और सनी देओल स्टारर 'बंटवारा 1947' दर्शकों का ध्यान खींचने के लिए आमने-सामने हैं। जहां एक तरफ लगभग 19 सालों बाद आइकॉनिक किरदार 'शिवम पंडित' की पर्दे पर वापसी हुई है, वहीं दूसरी तरफ राजकुमार संतोषी और सनी देओल की सुपरहिट जोड़ी एक नए ऐतिहासिक ड्रामा के साथ फिर से साथ आई है।

स्टारकास्ट और कहानी का अनोखा ताना-बाना

नितिन कक्कड़ के निर्देशन और विशेष भट्ट के निर्माण में बनी 'आवारापन 2' में इमरान हाशमी के साथ दिशा पटानी, शबाना आजमी और सुविंदर विक्की नजर आ रहे हैं। यह सीक्वल पुरानी फिल्म के भावनात्मक ताने-बाने को एक नए मोड़ पर ले जाता है। दूसरी ओर 'बंटवारा 1947' असगर वजाहत के प्रसिद्ध नाटक 'जिस लाहौर नै देख्या ओ जम्याई नै' पर आधारित है। फिल्म विभाजन के दौर की कहानी बयां करती है, जहाँ पाकिस्तान शिफ्ट हुए एक मुस्लिम व्यक्ति को अपने नए घर में एक हिंदू महिला मिलती है, जिसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी वह तनावपूर्ण माहौल के बीच उठाता है। इस फिल्म में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, अली फजल, करण देओल और शबाना आजमी मुख्य भूमिकाओं में हैं।

एडवांस बुकिंग और शुरुआती आंकड़े

सिनेमाघरों में उतरने से पहले दोनों ही फिल्मों की अग्रिम टिकट बिक्री में काफी अंतर देखा गया। 'आवारापन 2' ने अपने कल्ट स्टेटस के दम पर शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले दिन के लिए 8 करोड़ रुपये से अधिक की एडवांस बुकिंग दर्ज की। इसके मुकाबले 'बंटवारा 1947' की रफ्तार थोड़ी धीमी रही और इसने शुरुआती दिन के लिए लगभग 1.76 करोड़ रुपये का कारोबार किया। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि लॉन्ग वीकेंड पर कौन सी फिल्म बाजी मारती है। 

Latest Bollywood News

Live updates :Awarapan 2 Vs Batwara 1947 Release Live Update

Auto Refresh
Refresh
  • 1:04 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    'आवारापन 2' पर तरण आदर्श का रिव्यू

    फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर 'आवारापन 2' की समीक्षा करते हुए इसे 4 स्टार्स दिए हैं।  अपनी समीक्षा में उन्होंने लिखा, 'Emraan Hashmi की Shivam Pandit के रूप में वापसी हुई है और क्या शानदार वापसी है... वे Awarapan2 की 'आत्मा' हैं... बड़े पैमाने पर दर्शकों को आकर्षित करने वाले मोमेंट्स + जबरदस्त नॉस्टैल्जिया की ताकत... पक्की सफलता।'

  • 12:12 PM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    फिल्म निर्माता रमेश तौरानी ने की 'बंटवारा 1947' की तारीफ

    फिल्म निर्माता रमेश तौरानी ने बुधवार को एक विशेष स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म 'बंटवारा 1947' देखी। इसके बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर फिल्म और इसके कलाकारों की जमकर सराहना की।

    रमेश तौरानी ने लिखा-

    बंटवारा 1947 एक बेहद संवेदनशील, मार्मिक और मानवीयता का जश्न मनाने वाली फिल्म है, जिसे 'फर्स्ट डे, फर्स्ट शो' ही देखा जाना चाहिए। यह फिल्म इंसान के जज्बे और हमारी इतिहास के सबसे काले दौर में भी दया व सहानुभूति के महत्व को याद दिलाती है। फिल्म में सनी देओल ने बेहद शानदार और असरदार अभिनय किया है। वहीं प्रीति जिंटा को बड़े पर्दे पर फिर से वही कमाल करते देखना एक अलग ही खुशी देता है। शबाना आजमी, अली फज़ल और करण देओल सभी ने अपनी-अपनी भूमिकाओं में असाधारण काम किया है, जिससे कहानी में गहराई और स्वाभाविकता आई है। अभिमन्यु सिंह ने खलनायक के रूप में एक ऐसा किरदार निभाया है जो बेहद प्रभावशाली और हैरान कर देने वाला है।

  • 11:58 AM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    'आवारापन 2' का OTT पार्टनर तय

    सिनेमाघरों में दस्तक देने के साथ ही फिल्म 'आवारापन 2' के डिजिटल राइट्स को लेकर भी आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। थियेट्रिकल रन पूरा करने के बाद इमरान हाशमी स्टारर यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर प्रसारित की जाएगी। फिल्म के थियेटर रिलीज के दौरान ही इसके OTT प्लेटफॉर्म का खुलासा तो कर दिया गया है, लेकिन प्राइम वीडियो पर यह फिल्म किस तारीख से स्ट्रीम होगी, इसकी आधिकारिक तारीख की घोषणा होना अभी बाकी है।

  • 11:52 AM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    रिलीज से पहले आई प्रीति जिंटा की खूबसूरत झलक

    फिल्म 'बंटवारा 1947' की रिलीज की पूर्व संध्या पर अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने अपने फैंस को एक खास तोहफा दिया। उन्होंने अपने 'लुक्स टेस्ट' के दौरान की एक बेहद खूबसूरत ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। इस फिल्म में वे 'हमीदा' नाम का किरदार निभा रही हैं।

    तस्वीर साझा करते हुए प्रीति ने अपने किरदार की भावना को व्यक्त किया और प्रसिद्ध सूफी संत रूमी की खूबसूरत पंक्तियों को याद करते हुए लिखा:

    बंटवारा 1947 की रिलीज की पूर्व संध्या पर, मैं वहीं वापस जाना चाहती थी जहाँ से इस सफर की शुरुआत हुई थी। यह तस्वीर मेरे लुक टेस्ट के दौरान की है, जहाँ मैंने पहली बार हमीदा की झलक देखी और उसे महसूस किया था। मेरे लिए हमीदा का व्यक्तित्व रूमी के इन मशहूर शब्दों में झलकता है, 'अगर तुम्हारे आसपास सब कुछ अंधकारमय लगे, तो दोबारा देखो, शायद तुम खुद ही वह रोशनी हो।' 14 अगस्त को अपने नजदीकी सिनेमाघरों में 'बंटवारा 1947' देखने जरूर आइए! टिंग!

  • 11:48 AM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    'आवारापन 2': एडवांस बुकिंग में 'शिवम पंडित' का धमाल

    इमरान हाशमी की 'शिवम पंडित' के रूप में पर्दे पर वापसी ने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। इसी भारी क्रेज के बदौलत फिल्म ने अपने पहले ही दिन के लिए एडवांस बुकिंग में 2.6 लाख से अधिक टिकट बेच डाले, जिससे रिलीज से पहले ही फिल्म ने ₹8 करोड़ का शानदार कलेक्शन दर्ज कर लिया है।

  • 11:47 AM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    'बंटवारा 1947': एडवांस बुकिंग में बिके 65 हजार टिकट

    Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार सनी देओल स्टारर फिल्म 'बंटवारा 1947' ने अपने पहले दिन के लिए एडवांस बुकिंग में 65,000 से अधिक टिकट बेचे हैं। इस अग्रिम टिकट बिक्री के जरिए फिल्म ने रिलीज से पहले कुल ₹1.76 करोड़ की कमाई की है।

  • 11:46 AM (IST)
    Posted by Jaya Dwivedie

    स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की उम्मीद

    स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर दो बड़ी फिल्मों के सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉलीवुड ट्रेड एक्सपर्ट्स और बिजनेस विश्लेषकों के चेहरे खिल उठे हैं। इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि इस लंबे वीकेंड में हिंदी फिल्मों का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन ₹120 करोड़ के आंकड़े को आसानी से पार कर सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन