1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. प्रशांत तमांग से पहले इस इंडियन आइडल विनर की भी हो चुकी है मौत, 20 दिन की बेटी का चेहरा देखना भी नहीं हुआ था नसीब

प्रशांत तमांग से पहले इस इंडियन आइडल विनर की भी हो चुकी है मौत, 20 दिन की बेटी का चेहरा देखना भी नहीं हुआ था नसीब

'इंडियन आइडल 3' के विजेता प्रशांत तमांग का 43 वर्ष की आयु में निधन हो गया, प्रशंसक उनके असामयिक निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं। इस बीच 2013 में शो के एक अन्य विजेता की मौत की यादें ताजा हो गईं हैं।

prashant tamang- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@PRASHANTTAMANGOFFICIAL प्रशांत तमांग, संदीप आचार्य।

इंडियन आइडल 3 के विनर और सिंगर प्रशांत तमांग के निधन ने सबको हैरान कर दिया है। उन्होंने 11 जनवरी, 2026 को 43 वर्ष की आयु में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके असामयिक निधन की खबर से उनके फैंस शोक में डूबे हैं और सोशल मीडिया के जरिए सिंगर को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इस बीच कुछ लोगों को 'इंडियन आइडल 2' के विजेता संदीप आचार्य की दुखद मौत भी याद आ गई है, जिनका 2013 में निधन हो गया था। संदीप आचार्य को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे, उनका पीलिया का ट्रीटमेंट चल रहा था और 15 दिसंबर, 2013 को उनका निधन हो गया था। उन्होंने 2006 में रियलिटी शो इंडियन आइडल सीजन 2 का खिताब जीता था।

इंडियन आइडल 2 के विजेता संदीप आचार्य का 2013 में हो गया था निधन

संदीप आचार्य ने एक स्टेट लेवल कॉम्पटीशन से अपना सिंगिंग करियर शुरू किया था। उन्होंने 2004 में गोल्डन वॉइस ऑफ राजस्थान में भाग लेकर अपने सिंगिंग करियर की शुरुआत की और कॉन्टेस्ट के उप-विजेता रहे। इसके बाद उन्होंने इंडियन आइडल सीजन 2 के लिए ऑडिशन दिया और ना सिर्फ इस सीजन के लिए चुने गए, बल्कि सीजन के विजेता उभरे। अपनी आवाज और मुस्कान से उन्होंने कई लोगों को अपना दीवाना बनाया।

शो जीतने के बाद निकाला अपना पहला एल्बम

संदीप आचार्य ने 2006 में इंडियन आइडल सीजन 2 जीतने के बाद, अपना पहला एल्बम 'मेरे साथ सारा जहां' रिलीज किया, जिसे यंगस्टर्स ने खूब प्यार दिया। इसके टाइटल सॉन्ग 'मेरे साथ सारा जहां' का संगीत संदीप चौटा ने तैयार किया था, जबकि गीत समीर अंजान ने लिखे थे। उन्होंने टेलीविजन शो 'जलवा फोर 2 का 1' में भी भाग लिया था। 2006 में इंडियन आइडल 2 की ट्रॉफी के साथ-साथ संदीप आचार्य ने मारुति बलेनो कार और सोनी बीएमजी के साथ 1 करोड़ रुपये का म्यूजिक कॉन्ट्रैक्ट भी जीता था। इस सीजन के जज अनु मलिक, फराह खान और सोनू निगम थे।

20 दिन की बेटी का चेहरा देखना भी नहीं हुआ था नसीब

संदीप आचार्य तब महज 29 साल के थे, जब उनका निधन हो गया। उनकी पत्नी ने उनके निधन से 20 दिन पहले ही बेटी को जन्म दिया था, लेकिन सिंगर की हालत इतनी खराब थी कि वह मौत से पहले अपनी 20 दिन की बेटी का चेहरा तक नहीं देख पाए थे। ऐसे में उनका जाना ना सिर्फ उनका पत्नी, परिवार के लिए बल्कि पूरे देश के लिए बहुत ही मायूसी भरा था।

ये भी पढ़ेंः नीला ड्रम और हनीमून हत्या का रिपीट शो दिखाती सीरीज, देखकर थरथरा उठेगा शरीर, 9.7 है IMDB रेटिंग
हीरोइन संग सेल्फी लेने गया फैन, फिर कर दी घिनौनी हरकत, अब वीडियो वायरल हुआ तो लोगों ने भेजी लानतें

Latest Bollywood News