A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Bharath Kanth Death एक ही झटके में बुझ गए तेलुगु सिनेमा के दो चमकते सितारे, सड़क हादसे में गई 31 साल के स्टार की जान

Bharath Kanth Death एक ही झटके में बुझ गए तेलुगु सिनेमा के दो चमकते सितारे, सड़क हादसे में गई 31 साल के स्टार की जान

टॉलीवुड में मातम पसर गया है। एक भीषण सड़क हादसे में अभिनेता भरत कांत और सिनेमैटोग्राफर त्रिलोक का मौत हो गई है। हैदराबाद में हुए एक रोड एक्सीडेंट में दोनों का जान गई है।

bharat kanth- India TV Hindi
Image Source : BHARAT KANTH INSTAGRAM भरत कांत।

तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। उभरते हुए युवा अभिनेता भरत कांत और जाने-माने सिनेमैटोग्राफर त्रिलोक एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए हैं। इस घटना में दोनों की मौत हो गई है। इस दर्दनाक घटना ने पूरी फिल्म बिरादरी और फैंस को गहरे शोक में डाल दिया है। दोनों के परिवार वालों के लिए गहरा सदमा है, फैंस उनकी आत्मा की शांति के लिए दुआ कर रहे हैं।

अनियंत्रित ट्रक ने मारी टक्कर

पुलिस और समाचार एजेंसी एएनआई से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा हैदराबाद के बाहरी रिंग रोड पर बंगलूर गेट के पास एग्जिट नंबर 12 के पास हुआ। भरत कांत और त्रिलोक कार से नेलोर से हैदराबाद की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि देर रात पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर लॉरी ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अभिनेता भरत कांत व सिनेमैटोग्राफर त्रिलोक की मौके पर ही मौत हो गई। आदिबटला पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि टक्कर ट्रक के पिछले हिस्से से हुई थी। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।

फिल्म जगत की अपूरणीय क्षति

भरत कांत तेलुगु सिनेमा के एक चमकते हुए सितारे थे। सिर्फ 31 साल की उम्र में ही उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया है। उन्होंने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'टेनेंट' (2024) में मुख्य भूमिका निभाकर दर्शकों और समीक्षकों का ध्यान अपनी ओर खींचा था। इसके अलावा उन्हें 2021 की फिल्म 'ग्रामम' के लिए भी जाना जाता है। भरत ने न केवल फिल्मों बल्कि 'गीतांजलि' और 'पार्वती परमेश्वरलू' जैसी लोकप्रिय तेलुगु और हिंदी वेब सीरीज में भी काम किया था, जिससे वे घर-घर में पहचाने जाने लगे थे। वहीं त्रिलोक ने एक बेहतरीन सिनेमैटोग्राफर के रूप में कई तेलुगु फिल्मों में अपना योगदान दिया था। कैमरे के पीछे उनकी कुशलता ने उन्हें इंडस्ट्री में एक खास पहचान दिलाई थी। फिल्मी हस्तियों का कहना है कि एक ही हादसे में दो प्रतिभावान कलाकारों को खोना फिल्म उद्योग के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान है।

इंडस्ट्री में शोक

इस दुखद घटना की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर शोक संवेदनाओं का तांता लग गया है। टॉलीवुड के कई बड़े सितारों, निर्देशकों और प्रशंसकों ने इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख व्यक्त किया है। फिल्म जगत के सूत्रों का कहना है कि भरत और त्रिलोक दोनों ही अपने करियर के बेहतरीन पड़ाव पर थे और उनका इस तरह चले जाना बेहद दुखद है। फैंस सोशल मीडिया के माध्यम से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

UN में सेवा और 30 साल की कलेक्टरी, फिर सिनेमा के जुनून में छोड़ी IAS की कुर्सी, पहली ही फिल्म ने जिताया नेशनल अवॉर्ड

8 करोड़ में बनी 'दृश्यम' से तगड़ी सस्पेंस थ्रिलर, जीते 3 नेशनल अवॉर्ड, 100 करोड़ी फिल्म से चमकी हीरोइन की किस्मत, बनी सुपरस्टार

Latest Bollywood News