1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 1-2 नहीं तो दीपिका पादुकोण को कितने बच्चे चाहिए? खुद बताई थी मन की बात, रणवीर की 'दुआ' 2024 में हुई कुबूल

1-2 नहीं तो दीपिका पादुकोण को कितने बच्चे चाहिए? खुद बताई थी मन की बात, रणवीर की 'दुआ' 2024 में हुई कुबूल

दीपिका पादुकोण ने हाल ही में अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी का ऐलान करके फैंस को हैरान और खुश कर दिया है। रणवीर-दीपिका ने बहुत ही खूबसूरत अंदाज में ये गुड न्यूज अपने फैंस के साथ शेयर की है, जिसके बाद से ही उन्हें बधाइयां मिल रही हैं।

deepika padukone- India TV Hindi
Image Source : INSTA/@DEEPIKAPADUKONE बेटी दुआ के साथ रणवीर-दीपिका।

बॉलीवुड स्टार कपल दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह लगातार चर्चा में बने हुए हैं। रणवीर के लिए बीते 2 साल बेहद शानदार रहे। पहले तो इस स्टार कपल ने 2024 में अपनी बेटी दुआ का इस दुनिया में स्वागत किया, फिर 2025 में 'धुरंधर' ने धूम मचाई और 2026 में 'धुरंधरः द रिवेंज' का जलवा अब भी कायम है। इस बीच कपल ने रविवार को अपने फैंस के साथ एक और गुड न्यूज शेयर करके फैंस की खुशी दोगुनी कर दी। रणवीर और दीपिका ने हाल ही में एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि दोनों अपने दूसरे बच्चे की उम्मीद कर रहे हैं। कपल के सोशल मीडिया पर यह खबर शेयर करने के बाद से ही सेलेब्रिटीज और फैंस बधाई देते नहीं थक रहे। लेकिन, क्या आप जानते हैं कुछ साल पहले दीपिका ने अपनी फैमिली प्लानिंग के बारे में क्या कहा था? नहीं, तो चलिए आपको बताते हैं।

दीपिका की बच्चों को लेकर ख्वाहिश

दीपिका पादुकोण ने कुछ साल पहले अपने परिवार को लेकर प्लान के बारे में बात करते हुए कहा था कि उन्हें तीन बच्चे चाहिए। 2013 में दीपिका ने राजीव मसंद के साथ एक राउंडटेबल कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने मदरहुड को लेकर भी बात की। बातचीत के दौरान दीपिका ने कहा था कि उन्हें नहीं पता कि वह अगर फिल्मों में काम नहीं कर रही होतीं तो क्या कर रही होतीं, लेकिन उन्हें ये जरूर पता है कि उन्हें हमेशा से बच्चे चाहिए थे और वो भी एक-दो नहीं, तीन बच्चे।

बच्चों के लिए दीपिका का प्यार

दीपिका पादुकोण ने बातचीत के दौरान कहा था- 'अगर मैं एक्टर नहीं होती, तो मुझे नहीं पता कि मैं क्या कर रही होती। लेकिन, उम्मीद है कि मेरे आस-पास कुछ बच्चे तो जरूर होते। तीन छोटे-छोटे बच्चे, जो इधर-उधर भाग रहे होते।' इसी दौरान दीपिका ने बच्चों को अपने साथ फिल्म के सेट पर ले जाने की इच्छा भी जाहिर की थी। उन्होंने एक खुशहाल परिवार और फिल्मों में काम करते रहने को लेकर अपने दिल की बात रखते हुए कहा था कि 'उम्मीद है कि मैं इतना काम कर रही होती कि उन्हें अपने साथ सेट पर ले जाती। एक हैप्पी फैमिली होती और साथ ही मैं वही काम कर रही होती, जो कर रही हूं।'

रणवीर ने भी जाहिर की थी इच्छा

रणवीर भी कई बार परिवार को लेकर बात कर चुके हैं। उन्होंने एक बार कहा था कि वह एक बेटी के पिता बनना चाहेंगे। इसी के साथ उन्होंने ये भी कहा था कि बेटियां ज्यादा अच्छी और दयालु होती हैं। रणवीर की इच्छा 2024 में ही दुआ के जन्म के साथ पूरी हो गई है और अब कपल एक और बच्चे की उम्मीद कर रहा है, जिसे लेकर इनके फैंस बेहद खुश हैं। बता दें, दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह 2018 में शादी के बंधन में बंधे थे और शादी के 6 साल बाद सितंबर 2024 में दोनों ने अपनी पहली बेटी दुआ का इस दुनिया में स्वागत किया।

ये भी पढ़ेंः 'शाका लाका बूम बूम' की टॉम बॉय ऋतु का बदल गया अंदाज, कभी रंग-रूप को लेकर हुईं रिजेक्ट, अब लगती हैं ब्यूटी क्वीन
रणवीर-दीपिका फिर बनने वाले हैं मम्मी-पापा, बेटी दुआ संग क्यूट अंदाज में कन्फर्म की दूसरी प्रेग्नेंसी

Latest Bollywood News