कन्नड़ सुपरस्टार यश की एक्शन-थ्रिलर 'टॉक्सिकः ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स' अब सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म को रिलीज हुए 1 हफ्ता हो चुका है और बॉक्स ऑफिस पर इसकी कमाई जारी है। यश की फिल्म ने 101 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन करते हुए बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत की, लेकिन धीरे-धीरे बॉक्स ऑफिस पर इसकी कमाई कम होती जा रही है। रिलीज के सातवें दिन, यानी मंगलवार, 1 सितंबर को 8.20 करोड़ का कलेक्शन किया। इस बीच 'धुरंधर' निर्देशक आदित्य धर ने भी यश की 'टॉक्सिक' को लेकर अपना समर्थन दिखाया है। आदित्य धर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए यश का हौसला बढ़ाया और टॉक्सिक को लेकर अपना समर्थन दिखाया।
आदित्य धर ने यश को किया सपोर्ट
फिल्ममेकर आदित्य धर ने यश की फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोनअप्स' के लिए उत्साह जताया है। डायरेक्टर ने कोई लंबा-चौड़ा नोट तो नहीं लिखा, लेकिन उनके छोटे से कैप्शन और इमोजी ने ही सब कुछ कह दिया। आदित्य धर ने यश की फिल्म 'टॉक्सिक' का समर्थन करते हुए अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर 'टॉक्सिक' से यश की एक फ़ोटो पोस्ट की और उनका उत्साह बढ़ाया। कन्नड़ सुपरस्टार को टैग करते हुए उन्होंने ने 'यश लिखा और फिल्म की तारीफ करते हुए बाइसेप (ताकत दिखाने वाला) और रेड हार्ट इमोजी पोस्ट किया।
Image Source : Instagram/@adityadharfilmsआदित्य धर का पोस्ट।
'धुरंधर' से होने वाला था 'टॉक्सिक' का मुकाबला
जानकारी के लिए बता दें कि 'टॉक्सिक' पहले 19 मार्च, 2026 को रिलीज होने वाली थी। इसी दिन आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर 2' भी रिलीज हुई थी, जो हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बनकर उभरी। यानी बॉक्स ऑफ़िस पर 'टॉक्सिक' पहले आदित्य धर की 'धुरंधर: द रिवेंज' से टकराने वाली थी, लेकिन आखिरी मौके पर टॉक्सिक की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई।
यश को किच्चा सुदीप का भी मिला साथ
आदित्य धर से पहले किच्चा सुदीप ने भी 'टॉक्सिक' के समर्थन में एक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें उन्होंने अलग और चुनौतीपूर्ण रास्ता चुनने के लिए यश की जमकर तारीफ की। किच्चा सुदीप ने अपने पोस्ट में बताया कि कैसे यश ने 'केजीएफ 2' की ताबड़तोड़ सफलता के बाद भी उसी रास्ते पर न चलकर एक अलग और चुनौतीपूर्ण रास्ता चुना, जो कम ही एक्टर कर पाते हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि इस तरह की फिल्म बनाने के लिए हिम्मत और जिगर की जरूरत होती है, जो यश में है।
यश ने टॉक्सिक में रोमांटिक दृश्यों के बारे में खुलकर बात की
अगस्त में, यश ने इंडिया टीवी के चर्चित शो 'आप की अदालत' में 'टॉक्सिक' के रोमांटिक सीन्स पर खुलकर बात की। जब यश को याद दिलाया गया कि उन्होंने पहले रोमांटिक दृश्यों की शूटिंग के दौरान घबराहट महसूस होने की बात स्वीकार की थी, तो अभिनेता ने कहा कि वह समय के साथ बदल गए हैं। यश ने कहा- 'मैं सौ फीसदी बदल गया हूं। आदमी बदलता है, अगर कोई बोलता है कि मैं 20 साल से नहीं बदल सकता, वह झूठ कहता है। विकास मानव स्वभाव का एक हिस्सा है। सब लोग विकसित होते हैं; जिस चीज को आप 10 साल पहले मानते थे, वह चीज अलग होती है, और जिस चीज को एक हफ्ते पहले सोचते थे, वो अलग होती है। यह जीवन बदलता रहता है।'
ये भी पढ़ेंः रियल लाइफ में भी 'हीरो' निकले यश, चेन्नई इवेंट में उड़कर आई भारी चीज, कियारा के आगे ढाल बने रॉकिंग स्टार
Latest Bollywood News