यश की फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और ओपनिंग डे पर बॉक्स ऑफिस पर खूब कमाई की। फिल्म के क्रेज का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पहले ही दिन फिल्म ने 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया। यश के फैंस को ये फिल्म बेहद पसंद आई, लेकिन दूसरे और तीसरे दिन फिल्म की कमाई में कुछ गिरावट देखने को मिली। सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स यश की परफॉर्मेंस की तारीफ करते हुए पोस्ट शेयर कर रहे हैं और साथ ही फिल्म के भव्य प्रोडक्शन की भी तारीफ कर रहे हैं। अब कन्नड़ सिनेमा के स्टार किच्चा सुदीप ने भी 'टॉक्सिक' पर अपनी राय शेयर की है। किच्चा सुदीप ने यश की तारीफ करते हुए एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने यश की इस बात के लिए भी तारीफ की कि उन्होंने अपनी पिछली कमर्शियल ब्लॉकबस्टर फिल्म के बाद आम रास्ता नहीं चुना।
किच्चा सुदीप ने 'टॉक्सिक' के लिए यश की तारीफ की
शुक्रवार को अपने X हैंडल (पहले ट्विटर) पर किच्चा सुदीप ने यश और टॉक्सिक की तारीफ करते हुए एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें लिखा, 'मैं बस इतना कहना चाहता हूं यश कि आपने अपनी पिछली कमर्शियल ब्लॉकबस्टर फिल्म के बाद कोई आम, उम्मीद के मुताबिक या फ़ॉर्मूले वाली फिल्म बनाने के बजाय सच में कुछ हटकर करने की कोशिश की है। ऐसी चीज करने के लिए अलग सोच, पक्का इरादा और सबसे जरूरी बात, हिम्मत और जिगर की जरूरत होती है। टॉक्सिक सच में एक अनोखी और तारीफ के काबिल कोशिश है। इस फिल्म में ऐसे कई हिस्से हैं जो दिलचस्प लगते हैं और जिन पर अच्छी बहस हो सकती है। ये सीखने और चर्चा का मौका है। कुछ नया और लीक से हटकर करने की हिम्मत दिखाने के लिए आपको बधाई। ढेर सारी शुभकामनाएं मेरे दोस्त।'
'टॉक्सिक' ने अब तक बॉक्स ऑफिस पर कितनी कमाई की है?
टॉक्सिक के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो ट्रेड ट्रैकर Sacnilk के अनुसार, यश की फिल्म तीन दिनों में वर्ल्डवाइड 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। दुनियाभर में फिल्म ने 221 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया है और विदेशों में इसकी कमाई 23.25 करोड़ के पार पहुंच चुकी है। वहीं भारत में 101.10 करोड़ रुपये से ओपनिंग करने वाली ये फिल्म तीन दिनों में 165.95 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर चुकी है। भारत में तीसरे दिन की कमाई की बात करें तो, यश की 'टॉक्सिक' ने 19,390 शो में 27.20 करोड़ रुपये कमाए।
'केजीएफः चैप्टर 2' के बाद यश की पहली फिल्म
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी फिल्म 'टॉक्सिक', यश की 'केजीएफ चेप्टर 2' के बाद पहली बड़ी रिलीज है, जिसमें उनके साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी भी अहम भूमिका में हैं। फिल्म में यश डबल रोल में दिखाई दे रहे हैं और इसकी कहानी पुर्तगाली औपनिवेशिक काल के दौरान गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित है और एक गैंगस्टर के उभार और उसके पतन के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म यश के उस पारंपरिक एक्शन अवतार से काफी अलग है, जिसके लिए वे जाने जाते हैं।
ये भी पढ़ेंः रियल लाइफ में भी 'हीरो' निकले यश, चेन्नई इवेंट में उड़कर आई भारी चीज, कियारा के आगे ढाल बने रॉकिंग स्टार